प्रधानमंत्री जैसे पद पर बैठे व्यक्ति के प्रति ऐसी बयानबाजी उचित नहीं : प्रतिभा सिंह

मंडी : हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्षा एवं सांसद प्रतिभा सिंह का कहना है कि मौजूदा भाजपा सरकार ने अपने पांच वर्षों के कार्यकाल में सिर्फ और सिर्फ पूर्व की वीरभद्र सरकार के समय में शुरू हुए विकास कार्यों के उदघाटन ही किए हैं। यह बात उन्होंने आज सुंदरनगर में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में कही। प्रतिभा सिंह आज मंडी जिला के दौरे पर हैं और वे यहां पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं के साथ आगामी चुनावों को लेकर बैठक कर रही हैं। प्रतिभा सिंह ने कहा कि जनता भली भांति जानती है कि प्रदेश में विकास किसने करवाया है और उसका उदघाटन किसने किया। यदि भाजपा ने विकास किया होता तो उपचुनावों में जनता इस तरह से जबाव नहीं देती। प्रदेश की जनता जानती है कि विकास करना कांग्रेस पार्टी का ही काम है।