मंडी (नितेश सैनी) हिमाचल प्रदेश के सीएम जयराम ठाकुर का गृह विधानसभा क्षेत्र सराज अपनी नैसर्गिक सौंदर्य के लिए देश-विदेश में मशहूर है। क्षेत्र में हरे भरे घास के मैदान,ऊंचे-ऊंचे पेड़,प्राचीन देव संस्कृति के साथ स्थानीय लोगों की सादगी और चारों ओर फैली असीम शांति अनायास ही पर्यटकों को अपनी ओर खींच लेती है। इसके अलावा सराज घाटी के जंजैहली में मनाए जाने वाला जंजैहली टूरिज्म फेस्टिवल (जेटीएफ) का आयोजन दो वर्ष बाद 11 से 13 जून तक पूरे जोश के साथ होने जा रहा है। पिछले दो साल जंजैहली पर्यटन महोत्सव कोरोना महामारी की भेंट चढ़ गया, लेकिन इस बार जेटीएफ को बड़े स्तर पर मनाने के लिए थुनाग प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है।
सराज घाटी में पहली बार आयोजित होने जा रहे राज्यस्तरीय एमटीबी साईकिल रैली और प्लॉगिंग हाईकिंग प्रतियोगिता इस बार जेटीएफ के मुख्य आकर्षण रहने वाले हैं। बता दें कि जंजैहली पर्यटन उत्सव में 11 हजार फुट पर जंजैहली क्षेत्र की सबसे ऊंची चोटी शिकारी देवी से ईको पार्क भुलाह तक प्लॉग हाईकिंग प्रतियोगिता-2022 का आयोजन किया जाएगा। प्लॉगिंग प्रक्रिया के तहत जॉगिंग करते हुए प्रतिभागियों द्वारा प्लास्टिक वेस्ट को एकत्रित कर स्वच्छता का संदेश दिया जाएगा। सराज क्षेत्र के जंजैहली की ग्राम पंचायत ढीम कटारू के चोलथाच में जेटीएफ 11 से 13 जून तक धूमधाम से मनाया जाएगा। वहीं जंजैहली पर्यटन उत्सव में सीएम जयराम ठाकुर भी शिरकत करने जा रहे हैं।
जानकारी देते हुए एसडीएम थुनाग पारस अग्रवाल ने कहा कि इस वर्ष जंजैहली पर्यटन महोत्सव(जेटीएफ) 11 से 13 जून तक मनाया जाएगा। पारस अग्रवाल ने बताया कि इस बार भी जंजैहली पर्यटन महोत्सव में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा, जिनमें मेलोडी ऑफ सराज, क्वीन आफ सराज, फूड फेस्टिवल, झांकी, रंगोली, रक्तदान शिविर, गीत प्रतियोगिता,बजंतरी प्रतियोगिता और महिला मंडल प्रतियोगिता आदि आयोजित की जाएगी।
पारस अग्रवाल ने कहा कि जंजैहली टूरिज्म फेस्टिवल-2022 में महिला मंडलों और स्वयं सहायता समूहों को लोक नृत्य प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रशासन द्वारा प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसके अलावा पारंपरिक स्थानीय व्यजंनों को लेकर भी प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिताओं के तहत पहले दस स्थान पर रहने वाले महिला मंडलों को उत्सव के दौरान फ्री स्टाल मुहैया करवाए जाएंगे।
सराज विधानसभा क्षेत्र के स्थानीय निवासी हिमा राम शास्त्री ने कहा कि ग्राम पंचायत ढीम कटारू में दो वर्षों उपरांत आयोजित होने जा रहे जंजैहली पर्यटन उत्सव के आयोजन को लेकर पूरी सराज घाटी के लोगों में उत्साह है। क्षेत्र में पर्यटन के प्रचार और प्रसार के लिए जंजैहली पर्यटन उत्सव अति उत्तम साधन है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में पर्यटन बढ़ने से स्थानीय बेरोजगार युवाओं को रोजगार के साधन मुहैया होंगे।
Post Views: 98