April 1, 2023 |

Breaking News

धर्ममंडीराजनीतिहिमाचल प्रदेश

HIMACHAL : सीएम ने अगस्त महीने के अंत तक शिवधाम के पहले चरण को पूरा करने के दिए निर्देश…

मंडी : मंडी के कांगणीधार में पौने दो सौ करोड़ रुपये से बन रहे शिवधाम के पहले चरण का कार्य अगले दो महीने में पूरा करने का लक्ष्य है। अगस्त महीने के अंत तक काम पूरा कर इसके उद्घाटन के प्रयास किए जाएंगे। मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने शुक्रवार को शिवधाम के निर्माण कार्य के निरीक्षण के उपरांत मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में कभी। उन्होंने अधिकारियों और निर्माण में लगी एजेंसी के पदाधिकारियों को काम में तेजी के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आशीर्वाद से प्रदेश में पर्यटन विकास के लिए एशियन विकास बैंक पोषित 2100 करोड़ रुपये की परियोजना को स्वीकृति मिली है। इससे प्रदेश में पर्यटन विकास गतिविधियों को नई गति मिलेगी। शिवधाम के दूसरे चरण का काम भी इस परियोजना में शामिल होगा। जल्द ही समस्त औपचारिकताएं पूरी करने के बाद कार्य आरंभ कर दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिवधाम के पहले चरण के काम पर 40 करोड़ रुपये खर्चे जा रहे हैं। यह एक महत्वाकांक्षी परियोजना है और इससे देश-दुनिया में मंडी धार्मिक-सांस्कृतिक पर्यटन मानचित्र पर मजबूती से उभरेगा और दुनियाभर के पर्यटकों के लिए मंडी में पर्यटन गंतव्य का नया स्वरूप देखने को मिलेगा।

बता दें की करीब 950 हेक्टेयर क्षेत्र में शिवधाम का निर्माण मंडी जिला के लिए पर्यटन तथा धार्मिक आस्था की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है। उत्तर भारत का यह पहला ऐसा धार्मिक पर्यटन स्थल होगा जो बाहर से आने वाले पर्यटकों के अलावा स्थानीय लोगों के आकर्षण का केंद्र भी होगा। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने इस ड्रीम प्रोजेक्ट शिवधाम का 27 फरवरी, 2021 को मंडी में शिलान्यास किया था। उन्होंने इस सौगात से छोटी काशी मंडी को धार्मिक पर्यटन के आकर्षण का केंद्र बनाने का सपना साकार किया है। मंडी में शिव धाम से विकास को नए आयाम मिलेंगे। इस परियोजना से लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर बनेंगे।
इससे पहले मुख्यमंत्री ने सर्किट हाउस मंडी में जन समस्याएं सुनीं और अधिकतर का मौके पर समाधान किया। शेष के जल्द समाधन के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।

भव्य दिव्य शिव धाम, बेजोड़ होगा स्वरूप :

बता दें की शिवधाम में प्रवेश के लिए कैलाश द्वार होगा। यहां श्रीगणेश मंडल के भी दर्शन होंगे, जिसमें भगवान गणेश की भव्य प्रतिमा स्थापित होगी। इसके अलावा गंगा कुंड होगा, शिव वंदना के नाम से ओरिएंटेशन सेंटर होगा। रुद्रा मंडल और डमरू मंडल होगा, जहां भगवान शिव के डमरू के दर्शन और डमरू मंडल के पास खाने पीने की वस्तुएं भी मिलेंगी। मानसरोवर कुंड, मोक्ष पथ, बिल्वपत्र कुंड, शिवस्मृति म्यूजियम तथा एक बड़ा शिवलिंग भी स्थापित होगा जिसे चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग से ही पर्यटक दूर से देख कर आकर्षित होंगे। वहीं शिवधाम में भगवान शिव के 12 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन भी करवाए जाएंगे और भगवान शिव के साथ माता पार्वती, कार्तिकेय और गणेश भगवान की प्रतिमाएं भी होंगी। इसके अलावा यहां हर्बल गार्डन, नक्षत्र वाटिका, एमफी थियेटर होगा और सैकड़ों गाडि़यों के लिए पार्किंग सुविधा हेागी।

ये रहे उपस्थित :


इस दौरान विधायक इंद्र सिंह गांधी, जिला परिषद अध्यक्ष पाल वर्मा, उपायुक्त अरिंदम चौधरी, पुलिस अधीक्षक शालिनी अग्निहोत्री, नगर निगम मंडी के आयुक्त एच.एस राणा, भाजपा के सदर मंडी के मंडल अध्यक्ष मनीष कपूर, पंचायत समिति सदर मंडी के उपाध्यक्ष भुवनेश्वर, नगर निगम पार्षद पंकज कपूर सहित अन्य पार्षद, विभिन्न विभागों के अधिकारी और अन्य लोग उपस्थित रहे। 

Daily Himachal News

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also
Close