करसोग : कांग्रेस से टिकट के लिए दो महिलाओं नें जताई दावेदारी, अभी तक किसी भी दल ने महिला को नहीं बनाया है उम्मीदवार…..

मंडी/करसोग, 11 सितंबर : हिमाचल में जिला मंडी के तहत करसोग विधानसभा क्षेत्र 26 (अनुसूचित जाति) के लिए आरक्षित है। यहां इतिहास को देखें तो प्रदेश में दोनों ही बड़े राजनीतिक दलों कांग्रेस और भाजपा ने विधानसभा चुनाव में कभी किसी महिला को उम्मीदवार नहीं बनाया है। लेकिन अबकी बार करसोग से कांग्रेस टिकट के लिए दो महिलाओं ने दावेदारी जताई है। इसमें हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी की सचिव एवं पूर्व ज़िला परिषद सदस्य निर्मला चौहान और ब्लॉक महिला कांग्रेस अध्यक्ष एवम पूर्व पंचायत समिति अध्यक्ष चमेलु देवी ने टिकट के लिए आवेदन किया है। निर्मला चौहान पूर्व विधायक स्वर्गीय मस्तराम की पत्नी है, जो दो बार करसोग का प्रतिनिधत्व कर चुके हैं। जिसमें वर्ष 1993 में मस्तराम ने कांग्रेस टिकट पर चुनाव लडा और 19,371 मत लेकर कर 10,227 मतों के अंतर जीत दर्ज की थी। वहीं दूसरी बार वर्ष 2003 में मस्तराम ने 19,124 मत प्राप्त कर अपने निकटतम प्रतिद्वंदी को 5,911 मतों के अंतर से धूल चटाई थी। अब मस्तराम देह से स्मृति हो गए हैं, लेकिन उनके कार्यकाल में हुए विकासकार्यों की वजह से परिवार भी अच्छा जनाधार है। वहीं मस्तराम के निधन से लोगों के बीच में परिवार के प्रति सहानुभूति की भी लहर है। इसके अतिरिक्त निर्मला चौहान खुद राजनीति में सक्रिय है और लंबे समय से संगठन में सेवाएं दे रही है। ऐसे में कांग्रेस में टिकट के लिए निर्मला चौहान सशक्त दावेदार है। वहीं चमेलु देवी को भी हल्के में नहीं लिया जा सकता है। मतदाताओं की बात करें तो करसोग विधानसभा क्षेत्र में कुल मतदाताओं की संख्या 74,675 हैं। इसमें महिला वोटरों की संख्या 36,797 है। जो कुल मतदाता का करीब 49.27 फीसदी है। ऐसे में महिला मतदाता की संख्या पुरुष मतदाताओं के करीब हैं। जाहिर है कि टिकट आवंटन के समय पार्टी इन सभी पहलुओं पर गौर कर सकती है। वही करसोग विधानसभा क्षेत्र से करीब 10 पुरुष भी टिकट के लिए कतार में हैं। वही अब देखना होगा आने वाले विधानसभा चुनावों के मद्देनजर करसोग विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस पार्टी किस उम्मीदवार पर दाव खेलती है।