
डेली हिमाचल न्यूज़ : मंडी – करसोग
मंडी जिला करसोग क्षेत्र में एक अजीबो गरीब दुखद घटना सामने आई हैं। यहां उपमंडल के अंतर्गत ग्राम पंचायत मशोग के गांव लहठो में कच्चे मकान में लकड़ी का फर्श टूटने से आठ महिलाएं निचली मंजिल में स्थित गौशाला में गिरने से घायल हो गई। जिन्हें प्राथमिक उपचार के लिए करसोग स्थित सिविल अस्पताल लाया गया। जहां पर छह महिलाओं की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें शिमला स्थित आईजीएमसी अस्पताल के लिए रेफर किया गया है। वहीं, दो महिलाओं को प्राथमिक उपचार देने के बाद घर भेज दिया गया है। उधर सूचना मिलने के बाद हल्का पटवारी ने मौके पर पहुंच कर रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेज दी हैं।
ग्राम पंचायत मशोग के उपप्रधान हेतराम ने बताया कि पंचायत के तहत गांव लहठो में संतराम उम्र करीब 48 वर्ष का कुछ दिन पहले निधन हो गया था। ऐसे में रिश्तेदार परिवार के प्रति अपनी संवेदना प्रकट करने के लिए घर पर आए थे। जिसमें महिलाएं भी शामिल थी। रिश्तेदार जब कमरे में बैठे थे अचानक फर्श टूट गया और महिलाएं गौशाला में गिरने से घायल हो गई। उन्होंने कहा की मकान काफी जर्जर हालत में है। मृतक व्यक्ति की तीन बेटियों की शादी हो चुकी थी, अब घर में पत्नी और बेटा हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। उन्होंने प्रशासन से पीड़ित परिवार को घर बनाने के लिए जल्द से जल्द धन राशि उपलब्ध कराए जाने की मांग की है।
यह महिलाएं हुई घायल :
ग्राम पंचायत के मशोग के गांव लहठो में हुई घटना में कमली देवी पत्नी हीमाराम, बुद्धि देवी पत्नी देवी राम, हिमती देवी पत्नी गंगाराम, घैंबू देवी पत्नी नोखू राम, मंगरी देवी पत्नी नरसिंह दास, लजी देवी पत्नी खेमराज, लता देवी पत्नी गोविंद राम व बिमला देवी पत्नी खूब राज गौशाला में गिरने से घायल हुईं हैं। जिन्हें प्राथमिक उपचार के लिए सिविल अस्पताल करसोग लाया गया। जहां पर दो महिलाओं लता देवी और बिमला देवी को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेजा गया। वहीं, अन्य छह महिलाओं की गंभीर हालत को देखते हुए उपचार के लिए शिमला स्थित आईजीएमसी भेज दिया गया है।
एसडीएम ने फील्ड अधिकारियों से मांगी रिपोर्ट :
एसडीएम करसोग नरेंद्र सिंह ने कहा कि फील्ड अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी गई हैं। गंभीर रूप से घायल हुई महिलाओं को प्रथिमक उपचार के बाद आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया है।

Author: Daily Himachal News
Post Views: 1,094
