
डेली हिमाचल न्यूज़ – मंडी/निहरी (रमेश कुमार) : जिला मंडी की निहरी तहसील के जरल पंचायत के नैडा गांव से ताल्लुक रखने वाली रंजीता ठाकुर ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल कर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे प्रदेश, जिला और गांव का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। रंजीता ठाकुर ने एम्स कॉमन रिक्रूटमेंट एग्जाम (सीआरई-4) में शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे देश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इस प्रतिष्ठित परीक्षा में उन्होंने 400 में से 321 अंक हासिल किए, जिसके बाद उनका चयन एम्स बिलासपुर में एनेस्थीसिया एवं ऑपरेशन थिएटर टेक्निकल सुपरवाइजर के पद पर हुआ है।
रंजीता बचपन से ही पढ़ाई के प्रति गंभीर और लक्ष्य के प्रति समर्पित रही हैं। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय निहरी से प्राप्त की, जहां दसवीं कक्षा में उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इसके बाद उन्होंने बारहवीं की पढ़ाई सुंदरनगर के चर्चित वर्धमान महावीर पब्लिक स्कूल से पूरी की। मेडिकल क्षेत्र में कुछ कर दिखाने के अपने सपने को साकार करने के लिए रंजीता ने इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (IGMC) शिमला से एनेस्थीसिया एवं ऑपरेशन थिएटर तकनीक में बीएससी की उपाधि हासिल की।
रंजीता की इस शानदार उपलब्धि से पूरे निहरी क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रंजीता अपने क्षेत्र की पहली ऐसी बेटी हैं जिसने इस स्तर की परीक्षा में देशभर में पहला स्थान हासिल कर इतिहास रच दिया है। उनकी सफलता ने यह साबित कर दिया है कि मेहनत, लगन और जुनून के बल पर किसी भी मुकाम को पाया जा सकता है। अपनी कामयाबी पर रंजीता ठाकुर ने कहा कि इस उपलब्धि के पीछे उनके माता-पिता के संघर्ष, गुरुजनों के मार्गदर्शन और उनकी खुद की कड़ी मेहनत का बड़ा योगदान है। उन्होंने कहा कि उनके माता-पिता ने हमेशा उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया और कठिन परिस्थितियों में भी उनका हौसला बनाए रखा। रंजीता की माता कलावती एक गृहिणी हैं, जबकि उनके पिता गंगा राम वर्मा भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल (ITBP) में सहायक उप निरीक्षक के पद पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। परिवार में रंजीता की दो बहनें भी हैं, जो उनकी इस सफलता से बेहद खुश और गौरवान्वित हैं।
रंजीता की इस उपलब्धि पर पंचायत प्रधान बन्दली प्रवीन ठाकुर, सुंदरनगर विधायक राकेश जंवाल, भाजपा किसान मोर्चा सचिव मंडल निहरी टेक सिंह ठाकुर, सोझा पंचायत से संबंध रखने वाले योगेश वर्मा (अधीक्षक, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बैहली), पंचायत प्रधान किन्दर ललित शर्मा सहित आसपास की सभी पंचायतों के प्रतिनिधियों और लोगों ने बेटी की इस कामयाबी के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। विधायक राकेश जंवाल ने कहा कि रंजीता की सफलता निहरी क्षेत्र की अन्य बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी और उन्हें भी बड़े सपने देखने तथा उन्हें पूरा करने की हिम्मत देगी। निहरी क्षेत्र की इस होनहार बेटी ने एम्स परीक्षा में इतिहास रचकर माता-पिता का मान बढ़ाया है और यह साबित कर दिया है कि छोटे से गांव से भी बड़ी कामयाबी की उड़ान भरी जा सकती है। रंजीता ठाकुर की यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी रहेगी।

Author: Daily Himachal News
About The Author










