
डेली हिमाचल न्यूज़ – सुंदरनगर : जिला मंडी के सुंदरनगर उपमंडल में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस थाना सुंदरनगर की टीम ने पुंघ क्षेत्र में की गई नाकाबंदी के दौरान एक कार से 512 ग्राम चरस बरामद करते हुए चार युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार पुलिस थाना सुंदरनगर की टीम पुंघ क्षेत्र में नियमित वाहन जांच और नाकाबंदी कर रही थी। इसी दौरान कार नंबर HP01K-6245 को जांच के लिए रोका गया। तलाशी लेने पर वाहन से 512 ग्राम चरस बरामद हुई। बरामदगी के बाद पुलिस ने मौके पर ही कार में सवार चारों युवकों को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरीश पुत्र तेज प्रकाश निवासी गांव बरसोगी, भुंतर जिला कुल्लू, रितेश ठाकुर पुत्र अमृत पाल निवासी गांव धवाली, तहसील धर्मपुर जिला मंडी, अखिल ढडवालिया पुत्र कुलदीप सिंह निवासी गांव नवाहन जिला हमीरपुर तथा विजय पुत्र मुंशी राम निवासी गांव बकारटा, सरकाघाट जिला मंडी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बरामद चरस को कब्जे में लेकर वाहन भी जब्त कर लिया है। प्रारंभिक जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बरामद चरस कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस मामले में किसी बड़े नशा तस्करी नेटवर्क की संलिप्तता तो नहीं है।
डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि मामले की हर पहलू से गहन जांच की जा रही है और नशा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिला पुलिस नशे के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है और ऐसे मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि उन्हें अपने आसपास नशा तस्करी या संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समाज को नशे के दुष्प्रभाव से बचाया जा सके।

Author: Daily Himachal News
About The Author










