दिव्यांग बच्चों की शिक्षा को मिलेगा नया आयाम, सीआरसी सुंदरनगर में 10 दिवसीय शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

डेली हिमाचल न्यूज़ – सुंदरनगर : संयुक्त क्षेत्रीय केंद्र (सीआरसी) सुंदरनगर में समग्र शिक्षा, हिमाचल प्रदेश सरकार के सहयोग से 10 दिवसीय 12वें बैच के शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। STARS परियोजना के अंतर्गत आयोजित इस प्रशिक्षण में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए 21 शिक्षकों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षकों को दिव्यांग बच्चों की समावेशी एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से संबंधित आवश्यक ज्ञान और कौशल प्रदान करना है।

प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ विशेष शिक्षा विभाग के विभागाध्यक्ष एवं कार्यक्रम समन्वयक मंजीत सिंह सैनी ने किया। अपने संबोधन में उन्होंने सीआरसी सुंदरनगर द्वारा दिव्यांगजन पुनर्वास एवं विशेष शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे महत्वपूर्ण कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि दिव्यांग बच्चों को बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए समग्र शिक्षा और सीआरसी के बीच बेहतर समन्वय समय की आवश्यकता है।

इस अवसर पर संस्थान के सह-समन्वयक नंद लाल ने भी अपने विचार साझा किए और प्रशिक्षण कार्यक्रम की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण शिक्षकों को दिव्यांग बच्चों की आवश्यकताओं को बेहतर ढंग से समझने और उन्हें प्रभावी शिक्षण प्रदान करने में सहायक सिद्ध होते हैं।

कार्यक्रम के दौरान संस्थान के प्रभारी अधिकारी डॉ. राकेश कुमार अवस्थी ने दिव्यांगता एवं समावेशी शिक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों पर व्याख्यान दिया तथा प्रतिभागियों को व्यवहारिक जानकारी प्रदान की। गौरतलब है कि समग्र शिक्षा, हिमाचल प्रदेश के वित्तीय सहयोग से आयोजित यह 12वां एवं अंतिम बैच है, जिसका आयोजन 6 जुलाई से 15 जुलाई 2026 तक किया जा रहा है। इससे पूर्व आयोजित बैचों में भी प्रदेश के सरकारी विद्यालयों के अनेक शिक्षकों को सफलतापूर्वक प्रशिक्षित किया जा चुका है।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से प्रदेश के विद्यालयों में दिव्यांग बच्चों के लिए समावेशी, संवेदनशील और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है।

About The Author

Read More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!