
डेली हिमाचल न्यूज़ – सुंदरनगर : महावीर स्कूल सुंदरनगर की मेधावी छात्रा तान्या वर्मा ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-2026) में 542 अंक प्राप्त कर न केवल विद्यालय, बल्कि पूरे सुंदरनगर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। तान्या की इस उल्लेखनीय सफलता पर प्रदेश भाजपा के मुख्य प्रवक्ता एवं सुंदरनगर के विधायक राकेश जंवाल ने उन्हें विशेष रूप से सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने तान्या को सम्मान स्वरूप हिमाचली परंपरा की शॉल व टोपी पहनाकर उनकी उपलब्धि की सराहना की और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। विधायक राकेश जंवाल ने कहा कि सुंदरनगर विधानसभा क्षेत्र की दुर्गम ग्राम पंचायत धन्यारा के बाढ़ू गांव की होनहार बेटी कुमारी तान्या वर्मा, जो धर्मपाल वर्मा की सुपुत्री हैं, ने NEET-2026 में 542 अंक प्राप्त कर पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। उन्होंने कहा कि तान्या की सफलता यह साबित करती है कि प्रतिभा किसी सुविधा की मोहताज नहीं होती। कठिन परिस्थितियों में भी यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत पूरी निष्ठा के साथ की जाए, तो सफलता अवश्य मिलती है।
उन्होंने तान्या और उनके माता-पिता को इस शानदार उपलब्धि पर हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि उनकी यह सफलता क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी। विधायक ने ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा कि तान्या अपने जीवन में निरंतर नई ऊँचाइयों को प्राप्त करें और एक सफल, संवेदनशील तथा समर्पित चिकित्सक बनकर समाज एवं राष्ट्र की सेवा करें।

विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों और क्षेत्रवासियों ने भी तान्या की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। तान्या की सफलता से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है और उनकी इस उपलब्धि को ग्रामीण अंचल के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक उदाहरण माना जा रहा है।
Author: Daily Himachal News
About The Author










