हिमाचल में सनसनी वा*रदात : पत्नी की ह*त्या की साजिश नाकाम, 80 मीटर गहरी खाई में फेंकने वाले पति समेत तीन आरोपी गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

डेली हिमाचल न्यूज़ – सोलन : हिमाचल प्रदेश के सोलन जिला में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या की कोशिश के मामले में पति समेत तीन आरोपियों को महज आधे घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, शनिवार 11 जुलाई को पुलिस चौकी सपरून को सूचना मिली कि कुछ लोगों ने एक महिला को सड़क किनारे से करीब 80 से 100 मीटर गहरी खाई में धक्का दे दिया है। सूचना मिलते ही पुलिस चौकी सपरून और थाना सदर सोलन की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं।
प्रत्यक्षदर्शी नरेश कुमार ने पुलिस को बताया कि उसने तीन युवकों को एक महिला के साथ संदिग्ध हालत में देखा था। कुछ देर बाद जब वह दोबारा उसी स्थान पर पहुंचा तो देखा कि तीनों युवक महिला को गहरी खाई में धक्का देकर मौके से फरार हो गए।
पुलिस और स्थानीय लोगों ने तुरंत संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाया। गंभीर रूप से घायल महिला किसी तरह झाड़ियों का सहारा लेकर बाईपास सड़क तक पहुंची, जहां से उसे उपचार के लिए सिविल अस्पताल सोलन ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए उसे आईजीएमसी शिमला रेफर कर दिया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत नाकाबंदी कर नगाली क्षेत्र के पास से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश निवासी दलीप कुमार, उसके भाई शिवम और उनके साथी मदन कुमार के रूप में हुई है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घायल महिला दलीप कुमार की पत्नी है। दोनों के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। पुलिस के अनुसार, दलीप ने अपने भाई और दोस्त के साथ मिलकर पत्नी की हत्या की साजिश रची। आरोप है कि महिला को घूमने के बहाने उत्तर प्रदेश से सोलन लाया गया, जहां पहले उसके गले पर चाकू से हमला किया गया और बाद में उसे हत्या की नीयत से 80 से 100 मीटर गहरी खाई में धक्का दे दिया गया।

फिलहाल पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले में वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और हर पहलू से गहन जांच जारी है।

About The Author

Read More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!