
डेली हिमाचल न्यूज़ – मंडी : जिला मंडी के सुंदरनगर उपमंडल में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सुंदरनगर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने पुंघ क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान हरियाणा रोडवेज की बस से 604 ग्राम चरस बरामद की है। इस मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति को मौके से गिरफ्तार कर लिया है, जबकि आगे की जांच जारी है।
जानकारी के अनुसार पुलिस टीम ने नेशनल हाईवे पर पुंघ के पास नियमित नाकाबंदी कर रखी थी। इसी दौरान हरियाणा रोडवेज की बस (वाहन नंबर HR55GV4807) को जांच के लिए रोका गया। बस में सवार यात्रियों और उनके सामान की तलाशी के दौरान पुलिस को एक संदिग्ध व्यक्ति के पास से भारी मात्रा में चरस बरामद हुई। बरामद मादक पदार्थ का वजन करने पर यह 604 ग्राम पाया गया।
गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान 31 वर्षीय जॉनी पाल पुत्र राजकुमार, निवासी गांव व डाकघर फराल, तहसील धंध, जिला कैथल, हरियाणा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को तुरंत हिरासत में लेकर मादक पदार्थ अधिनियम (NDPS Act) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी बस के माध्यम से चरस की तस्करी कर रहा था, हालांकि यह चरस कहां से लाई गई और कहां पहुंचाई जानी थी, इस बारे में विस्तृत जांच की जा रही है।

डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण ने बताया कि पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। उन्होंने कहा कि आरोपी को 604 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया गया है और मामले में हर पहलू से जांच की जा रही है। आरोपी से पूछताछ के दौरान तस्करी से जुड़े नेटवर्क, सप्लायर और संभावित अन्य संलिप्त लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। डीएसपी ने कहां कि जिले में नशा तस्करी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस आने वाले समय में भी नाकाबंदी और चेकिंग अभियान को और तेज करेगी ताकि नशे की सप्लाई चेन को जड़ से तोड़ा जा सके।
Author: Daily Himachal News
About The Author










