December 2, 2023

हिमाचल : राजनीतिक दबाब के कारण पुलिसकर्मियों का डयूटी करना हुआ मुश्किल, एक साथ 6 पुलिस कर्मियों का तबादला…!!!

1 min read

डेली हिमाचल न्यूज़ : शिमला – मंडी

प्रदेश की सुखविंदर सिंह सुख्खू की कांग्रेस सरकार का व्यवस्था परिवर्तन का नारा जिला मंडी में सच होता हुआ नजर आ रहा है. यहां पुलिस थाना धनोटू से 6 पुलिसकर्मियों का एक साथ तबादला किया गया है। कांग्रेस नेताओं के राजनीतिक दबाब के कारण पुलिसकर्मियों का डयूटी करना मुश्किल हो गया है। बता दें कि हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री कार्यालय से 22 एनजीओ ग्रेड-2 पुलिसकर्मियों की एक अनुमोदित ट्रांसफर लिस्ट सामने आई है। इस ट्रांसफर लिस्ट में हैरानी की बात यह है कि इसके आधार के अनुसार नाचन विधानसभा क्षेत्र के पुलिस थाना धनोटू से एक साथ 6 पुलिसकर्मियों का आनन-फानन में तबादला कर दिया गया है। इसमें पुलिस थाना धनोटू से हेड कांस्टेबल पद पर तैनात 3 जांच अधिकारी और सामान्य डयूटी पर मौजूद 3 अन्य कांस्टेबल का ट्रांसफर किया है। हिमाचल प्रदेश पुलिस में एनजीओ ग्रेड-1 और 2 पुलिसकर्मियों का तबादला अपने जिले के अंदर संबंधित पुलिस अधीक्षक द्वारा किया जाता था। लेकिन प्रदेश में बनी नई कांग्रेस सरकार में राजनीतिक प्रतिशोध के चलते अब पुलिस विभाग भी अछूता नहीं रहा है। वहीं सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार नाचन विधानसभा क्षेत्र से सीएम सुखविंदर सिंह सुख्खू के करीबी माने जाने वाले एक नेता के परिचित का चालान काटे जाने के बाद राजनीतिक दबाब के चलते पुलिस थाना धनोटू में एक साथ 6 पुलिसकर्मियों का तबादला किया गया है। इससे पहले भी पुलिस थाना से दो पुलिसकर्मियों का तबादला किया गया था।

क्या बोली एसपी :

मामले पर पुलिस अधीक्षक मंडी सौम्या सांबशिवन ने कहा कि एसपी कार्यालय मंडी की ओर से कोई भी तबादला नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि तबादले को लेकर जारी लिस्ट की उन्हें कोई जानकारी नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!