
डेली हिमाचल न्यूज़ : मंडी-पंडोह : विशाल वर्मा
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने शुक्रवार को आपदा प्रभावितों से मिलने मंडी ज़िला के पंडोह और बाली चौकी पहुंचे और आपदा प्रभावितों से मिलकर उनका हाल चाल जाना। उन्होंने आपदा प्रभावितों को राहत सामग्री भी वितरित की। उन्होंने कहा कि इस आपदा में कई लोगों का सब कुछ चला गया। आपदा लोगों के घर, फसलें, बगीचे सब कुछ बहाकर ले गयी है। लोगों के आंसू बता रहे हैं कि सरकार प्रभावितों के ज़ख्मों पर मरहम नहीं लगा पाई है। आपदा आए लगभग एक महीनें का समय हो गया है लेकिन अभी भी कई प्रभावित परिवार राहत के इंतज़ार में हैं। जिनके घर पूरी तरह बर्बाद हो गए हैं या जिनके घर आंशिक रूप से टूटे हैं वह आज भी अपने रिश्तेदारों के यहां या तंबुओं में रह रहे हैं। कई परिवारों के पास तिरपाल जैसी बुनियादी सुविधाएं भी नहीं हैं। उन्होंने कहा कि प्रभावितों के पुनर्वास के लिए सरकार को प्रभावी कदम उठाने की आवश्यकता है।


नेता प्रतिपक्ष ने आपदा प्रभावितों को बांटी राहत सामग्री :
नेता प्रतिपक्ष ने बताया कि राहत सामग्री में किचन सेट, 50 किलो चावल के साथ कंबल और तिरपाल जैसी बुनियादी ज़रूरत के सामान शामिल हैं। पंडोह में 13 और बालीचौकी में 6 प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री दी गई। नेता प्रतिपक्ष ने प्रभावित परिवारों को भविष्य में हर संभव मदद करने का आश्वाशन दिया। इस मौक़े पर उनके साथ सेराज के मंडलध्यक्ष भगीरथ शर्मा, पंचायत प्रधान दिले राम, बीडीसी सदस्य संजीव शर्मा, उप प्रधान बबलू शर्मा, पूर्व मंडलाध्यक्ष शेर सिंह, भाजपा कार्यकर्ता यशवंत शर्मा, जोगिंदर शर्मा व अन्य स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Author: Daily Himachal News
About The Author
