
मंडी/नेरचौक : एशियन और ओसेनिया चैपिंयनशिप के दौरान मंडी जिला की बल्ह घाटी के कुम्मी गांव की अल्ट्रा डिस्टेंस रनर अंजू सैणी ने अल्ट्रा रनिंग मे नया नेशनल रिकार्ड कायम किया है। अंजू सैणी ने जहां अल्ट्रा रनिंग मे नया नेशनल रिकार्ड बनाया है वहीं अंजू के इस शानदार प्रदर्शन की बदौलत भारतीय टीम को बैंगलोर मे 2 और 3 जुलाई को आयोजित हुई अतंरराष्ट्रीय एशियन और ओसेनिया चैपिंयनशिप के महिला वर्ग मे सिल्वर मेडल मिला है। अंजू सैणी ने इसमे इंडीविजुअल मे 24 घंटे के स्टेडियम रन मे 204.314 किलोमीटर की दूरी तय करके नया नेशनल रिकार्ड कायम किया है। पहले यह रिकार्ड 202 किलोमीटर था। बता दें कि अंजू सैणी ने दिसंबर 2021 मे दिल्ली के जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम मे हुई ओपन चैपिंयनशिप मे 191.7 किलोमीटर की दूरी तय करके महिला वर्ग मे पहला स्थान हासिल किया था और इसी प्रदर्शन की बदौलत अंजू सैणी का चयन एशियन चैंपियनशिप के लिए हुआ था। यह भी बता दें कि एशियन और ओसेनिया चैपिंयनशिप मे पुरूष वर्ग ने गोल्ड मेडल हासिल किया है। इस चैपिंयनशिप मे महिला वर्ग की टीम मे 6 और पुरूष वर्ग की टीम मे भी 6 अल्ट्रा डिस्टेंस रनर शामिल थे। प्रतियोगिता से पहले महान क्रिकेटर सचिन तेदुंलकर ने भी भारतीय टीम को शानदार प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दी थी। बता दें कि अंजूू सैणी हिमाचल की पहली अल्ट्रा डिस्टेंस रनर है। मौजूदा समय मे अंजू सैणी दिल्ली मे योग प्रशिक्षक हैं और अब तक वह अल्ट्रा रनिंग मे 40 के करीब मेडल जीत चुकी हैं।

Author: Daily Himachal News
