डेली हिमाचल न्यूज़ : शिमला – नगर परिषद मनाली के अध्यक्ष एवं हिमाचल प्रदेश नगर निकाय अध्यक्ष/उपाध्यक्ष फेडरेशन के प्रदेशाध्यक्ष चमन कपूर को प्रदेश भाजपा ने शहरी निकाय प्रकोष्ठ का प्रदेश संयोजक नियुक्त किया है। अपनी नियुक्ति के बाद सोमवार को चमन कपूर शिमला पहुंचे और चक्कर स्थित पार्टी मुख्य कार्यालय दीप कमल में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल से मुलाकात की। चमन कपूर ने नियुक्ति के लिए पूर्व सीएम एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल और पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया। चमन कपूर ने कहा उन्हें जो दायित्व सौंपा गया है वह उसका बखूबी निर्वहन करने का प्रयास करेंगे। जल्द ही हर जिला स्तर पर शहरी निकाय प्रकोष्ठ की कार्यकारिणीयों का गठन किया जाएगा और पार्टी के निष्ठावान कार्यकर्ताओं को दायित्व सौंपे जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश के अधिकतर नगर निकायों पर भाजपा का कब्जा है और प्रदेश भर में बड़ी संख्या में भाजपा समर्थिक पार्षद चुनकर आए हैं। लोकसभा चुनावों को लेकर यह सुनिश्चित किया जाएगा कि शहरी क्षेत्रों से प्रदेश भर में भाजपा को अधिक से अधिक लीड दिलाई जाए और जो भी पार्टी प्रत्याशी हैं उनकी जीत में शहरी क्षेत्रों की अहम भूमिका सुनिश्चित की जाए। वहीं, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने चमन कपूर को भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी।