Himachal News : पिता करतें है मेहनत-मजदूरी, बेटी बनी एम्स की नर्सिंग ऑफिसर, पढ़े पूरी खबर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

डेली हिमाचल न्यूज़ – मंडी : कहते हैं कि अगर इरादे मजबूत हों और मेहनत के साथ लक्ष्य की ओर निरंतर कदम बढ़ाए जाएं, तो संसाधनों की कमी भी सपनों के रास्ते में बाधा नहीं बनती। इस कथन को सच कर दिखाया है विकास खंड द्रग की ग्राम पंचायत पाली के गुराहल गांव की होनहार बेटी रेणुका राव ने, जिन्होंने देश के प्रतिष्ठित संस्थान एम्स (AIIMS) में नर्सिंग ऑफिसर पद प्राप्त कर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
रेणुका राव एक अत्यंत साधारण परिवार से संबंध रखती हैं। उनके पिता चमन लाल मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं, जबकि माता गृहिणी हैं। सीमित आर्थिक साधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद रेणुका ने कभी अपने सपनों से समझौता नहीं किया। माता-पिता के संस्कार, अनुशासन और निरंतर परिश्रम ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया।
रेणुका ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा राजकीय प्राथमिक पाठशाला पाली से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला द्रग से प्लस टू तक की पढ़ाई पूरी की। पढ़ाई के दौरान वह शुरू से ही अनुशासित, मेहनती और लक्ष्य के प्रति समर्पित छात्रा रहीं। आगे चलकर उन्होंने लाल बहादुर शास्त्री मेडिकल कॉलेज, नेरचौक से बीएससी नर्सिंग की पढ़ाई की और अपने सपनों को आकार दिया।

पढ़ाई पूरी करने के बाद रेणुका ने नर्सिंग ऑफिसर बनने के लिए कड़ी मेहनत की। उन्होंने कमीशन परीक्षा में सफलता हासिल करते हुए पहले ही प्रयास में एम्स में नर्सिंग ऑफिसर पद प्राप्त किया। वर्तमान में वह हिमाचल प्रदेश के अटल मेडिकल एंड रिसर्च यूनिवर्सिटी से संबद्ध संस्थान में अपनी सेवाएं दे रही हैं। विद्यालय के शिक्षकों का कहना है कि रेणुका बचपन से ही पढ़ाई में अव्वल, अनुशासित और सकारात्मक सोच वाली छात्रा रही हैं। उनकी यह सफलता अन्य विद्यार्थियों, विशेषकर ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

रेणुका की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर पंचायत समिति द्रग के उपाध्यक्ष, जिला परिषद सदस्य, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवी संगठनों और स्थानीय लोगों ने उन्हें तथा उनके परिवार को हार्दिक बधाई दी है। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि रेणुका की सफलता यह संदेश देती है कि मेहनत, दृढ़ निश्चय और आत्मविश्वास के बल पर कोई भी छात्र या छात्रा अपने सपनों को साकार कर सकता है।

About The Author

Read More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!