
डेली हिमाचल न्यूज़ – मंडी : सुंदरनगर पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक और बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस थाना सुंदरनगर की टीम ने पुंघ क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान बस की जांच करते हुए 515 ग्राम चरस बरामद की है। इस कार्रवाई में सरकाघाट क्षेत्र के दो आरोपियों को मौके पर गिरफ्तार किया गया है। जानकारी के अनुसार सुंदरनगर पुलिस की टीम नियमित गश्त और नाकाबंदी के दौरान पुंघ में वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक बस को जांच के लिए रोका गया। बस में सवार यात्रियों की गतिविधियों पर जब पुलिस को संदेह हुआ तो उनकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान दो व्यक्तियों के कब्जे से 515 ग्राम चरस बरामद की गई। इसके बाद दोनों को तुरंत हिरासत में ले लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 32 वर्षीय मोहित निवासी गांव सयाठी, डाकघर सजाओपिपलू, तहसील सरकाघाट जिला मंडी व 32 वर्षीय प्रतिक्षित कुमार निवासी गांव चैल, डाकघर रोपड़ी, तहसील सरकाघाट जिला मंडी के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि बरामद चरस कहां से लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस तस्करी के पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है। पुलिस दोनों आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।

मामले को लेकर डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण ने बताया कि जिला में नशे के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा, नशा तस्करी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस द्वारा लगातार नाकाबंदी, गश्त और गुप्त सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। पुंघ में की गई यह कार्रवाई उसी अभियान का हिस्सा है। युवाओं को नशे से बचाने और समाज को सुरक्षित रखने के लिए पुलिस पूरी मुस्तैदी से काम कर रही है। उन्होंने आम जनता से भी अपील की है कि यदि उन्हें नशा तस्करी या नशीले पदार्थों से जुड़े किसी भी प्रकार की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। उन्होंने कहा कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
फिलहाल दोनों आरोपियों को अदालत में पेश करने की प्रक्रिया जारी है, जहां से पुलिस रिमांड लेकर उनसे पूछताछ की जाएगी।
Author: Daily Himachal News
About The Author










