
डेली हिमाचल न्यूज़ – मंडी/सरकाघाट : जिला मंडी के सरकाघाट विधानसभा क्षेत्र में बिजली चोरी का एक गंभीर मामला सामने आया है, जिसमें भारतीय जनता पार्टी से जुड़े एक स्थानीय नेता को बिजली विभाग की फ्लाइंग स्क्वॉड टीम ने रंगे हाथों पकड़ा है। विभागीय जांच में बिजली चोरी के स्पष्ट प्रमाण मिलने के बाद आरोपी पर करीब एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है, जिसे मौके पर ही डिमांड ड्राफ्ट के माध्यम से विभाग को जमा करवा दिया गया। जानकारी के अनुसार, सरकाघाट विधानसभा क्षेत्र की कस्मेला पंचायत के रोपड़ी गांव निवासी भाजपा नेता, जो वर्तमान में पार्टी में जिला उपाध्यक्ष के पद पर तैनात हैं, बीते लगभग एक वर्ष से अवैध रूप से बिजली का उपयोग कर रहे थे। बिजली विभाग को लंबे समय से उनके परिसर में लगे मीटर की खपत को लेकर संदेह था, क्योंकि खपत का ग्राफ लगातार असामान्य रूप से कम दर्ज हो रहा था। जबकि 125 यूनिट मुफ्त बिजली सुविधा के बावजूद मीटर रीडिंग शून्य के आसपास बनी हुई थी।
इसी आधार पर बिजली विभाग की फ्लाइंग स्क्वॉड टीम ने सहायक अभियंता (एई) और एसडीओ की मौजूदगी में अचानक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि मुख्य सर्विस पीवीसी वायर को पंचर कर मीटर को बायपास किया गया था और सीधे अवैध कनेक्शन के माध्यम से बिजली का उपयोग किया जा रहा था। जांच के दौरान बिजली चोरी से संबंधित सभी साक्ष्य एकत्र किए गए और पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी करवाई गई, ताकि भविष्य में किसी प्रकार का विवाद न उत्पन्न हो। बिजली विभाग के अनुसार, आरोपी द्वारा लगभग एक वर्ष से बिजली चोरी की जा रही थी, जिसके चलते विभाग को आर्थिक नुकसान हुआ। नियमों के तहत कार्रवाई करते हुए विभाग ने बिजली चोरी का केस दर्ज किया और लगभग एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया। आरोपी ने मौके पर ही अपनी गलती स्वीकार करते हुए डिमांड ड्राफ्ट के माध्यम से जुर्माने की राशि जमा करवा दी।

इसको लेकर बिजली विभाग के एसडीओ राजीव शुक्ला ने अनुसार बिजली चोरी एक गंभीर अपराध है और विभाग ऐसे मामलों पर लगातार नजर रखे हुए है। उन्होंने कहा कि दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को, चाहे वह किसी भी पद या राजनीतिक दल से जुड़ा हो, बख्शा नहीं जाएगा।
वहीं, अधिशासी अभियंता इंजीनियर राजकुमार गुप्ता ने भी मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि विभाग द्वारा आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। विभाग ने चोरी करने के मामले में 99 हजार 977 रूपये जुर्माना बसूला है। बिजली विभाग ने आम जनता से अपील की है कि वे अवैध कनेक्शन या बिजली चोरी से बचें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना विभाग को दें, ताकि बिजली व्यवस्था को पारदर्शी और सुचारु बनाया जा सके।
Author: Daily Himachal News
About The Author










