
डेली हिमाचल न्यूज़ – सुंदरनगर : हिमाचल प्रदेश का का मान बढ़ाते हुए हिमाचल डेंटल कॉलेज सुंदरनगर को वर्ष 2025 में उत्कृष्ट सामुदायिक एवं मानवतावादी दंत सेवाओं के लिए विश्व विख्यात इंटरनेशनल कॉलेज ऑफ डेंटिस्ट्स (International College of Dentists) द्वारा प्रतिष्ठित “डॉ. केदार एन. रुस्तगी अवॉर्ड फॉर कम्युनिटी एंड ह्यूमैनिटेरियन सर्विसेज” से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान 01 मार्च 2026 को नई दिल्ली स्थित गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (Guru Gobind Singh Indraprastha University) के द्वारका कैंपस में आयोजित दीक्षांत समारोह के दौरान कॉलेज के प्राचार्य डॉ. बलजीत सिंह को प्रदान किया गया। समारोह में आईसीडी के ग्लोबल प्रेजिडेंट डॉ. जुलिओ रॉड्रिगेज, सेक्शन-6 के प्रेजिडेंट डॉ. वी.एस. कोहली, सेक्रेटरी डॉ. वाई.के. विरमानी तथा आईसीडी जर्नल के एडिटर एवं विश्वविद्यालय के वाइस चांसलर डॉ. महेश वर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कॉलेज के निदेशक डॉ. अनिल सिंगला, डॉ. विकास जिंदल एवं प्राचार्य डॉ. बलजीत सिंह ने इस उपलब्धि को संस्थान की निरंतर सामाजिक प्रतिबद्धता, सामुदायिक सेवा और जनस्वास्थ्य के प्रति समर्पण का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान पूरे मंडी ज़िला के लिए गर्व का विषय है।

वर्ष 2025 के दौरान कॉलेज ने मंडी ज़िला एवं आसपास के क्षेत्रों में 55 से अधिक निःशुल्क दंत चिकित्सा शिविर आयोजित किए। इन शिविरों में 6000 से अधिक लोगों की निःशुल्क मौखिक जांच, परामर्श एवं उपचार आधुनिक मोबाइल डेंटल वैन के माध्यम से विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा किया गया। इन अभियानों में जेल स्वास्थ्य शिविर, अंतरराष्ट्रीय सहयोग के तहत आयोजित विशेष शिविर, आईआईटी संस्थानों में लगाए गए कैंप तथा विभिन्न गैर-सरकारी संगठनों (NGOs) के साथ संयुक्त कार्यक्रम शामिल रहे।
55 से अधिक निःशुल्क दंत शिविर, 6000 से अधिक लाभार्थी, टीम व विद्यार्थियों की भूमिका सराहनीय :
संस्थान प्रबंधन ने डिपार्टमेंट ऑफ पब्लिक हेल्थ डेंटिस्ट्री के फैकल्टी सदस्यों डॉ. साहिल ठाकर, डॉ. रमेश रानी, डॉ. साहिल नेगी, सहायक द्रोपती, कमल लोचन, तथा ड्राइवर सेवक, नवीन और रोशन की निस्वार्थ सेवाओं की सराहना की। कॉलेज द्वारा विद्यार्थियों को देशभर में उत्कृष्ट कम्युनिटी एक्सपोज़र प्रदान करने की प्रतिबद्धता को भी इस सम्मान का आधार बताया गया। संस्थान प्रबंधन ने भविष्य में भी समाज के अंतिम पंक्ति तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का संकल्प दोहराया।
Author: Daily Himachal News
About The Author










