
डेली हिमाचल न्यूज़ – सुंदरनगर : सुंदरनगर क्षेत्र में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस थाना सुंदरनगर की टीम ने एक युवक को 3.096 ग्राम चिट्टे सहित गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी की पहचान संजय कुमार पुत्र सुदामा राम निवासी गांव मलिंडी डाकघर सिहली,तहसील सुंदरनगर के रूप में हुई है। पुलिस से मिली प्राप्त जानकारी के अनुसार चमुखा क्षेत्र में एक युवक द्वारा नशे का कारोबार किए जाने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस थाना सुंदरनगर की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सहायक उप निरीक्षक अश्वनी के नेतृत्व में मुख्य आरक्षी हंसराज, आरक्षी सतीश, मोमिन खान तथा आरक्षी ललिता के साथ आरोपी के घर पर दबिश दी। तलाशी के दौरान आरोपी के कमरे में गद्दे के नीचे छिपाकर रखी गई पॉलीथिन तथा फॉयल पेपर से चिट्टा बरामद किया गया। बरामद नशीले पदार्थ का वजन करने पर 3.096 ग्राम पाया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी चार मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
मामले को लेकर डीएसपी भारत भूषण ने बताया कि सुंदरनगर क्षेत्र में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी है और किसी भी स्थिति में नशे के कारोबार को पनपने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने आमजन से अपील की कि नशे के खिलाफ इस लड़ाई में पुलिस का सहयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत दें, ताकि युवाओं को नशे की लत से बचाया जा सके।

Author: Daily Himachal News
About The Author










