
डेली हिमाचल न्यूज़ – मंडी (विशाल वर्मा) : मंडी जिला के पंडोह क्षेत्र में किरतपुर-मनाली फोरलेन पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में पंजाब के अमृतसर निवासी 26 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। मृतक की पहचान राजिन्द्र कुमार पुत्र विजय कुमार, निवासी गांव गोपालपुरा, जिला अमृतसर (पंजाब) के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार राजिन्द्र कुमार अपने एक साथी के साथ बाइक नंबर PB 02 EM 2069 पर अमृतसर से मणिकर्ण की ओर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि उसी दौरान ट्रक नंबर HP 65 A 3233 भी कुल्लू की दिशा में जा रहा था। जैसे ही दोनों वाहन पंडोह के पीवीटी मोड़ के पास पहुंचे, अचानक बाइक और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े। हादसे के दौरान राजिन्द्र कुमार का सिर ट्रक के अगले टायर के नीचे आ गया, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मृत्यु हो गई। दूसरे युवक को गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों और राहगीरों की मदद से घायल को तुरंत जोनल अस्पताल मंडी पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने राजिन्द्र कुमार को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पंडोह पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभाला। मामले की पुष्टि करते हुए एसपी मंडी विनोद कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। ट्रक चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281 और 106(1) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की गहनता से जांच कर रही है।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद पंजाब से आए कुछ बाइकरों में भारी आक्रोश देखने को मिला। गुस्साए युवकों ने ट्रक के शीशे तोड़ दिए। स्थिति तनावपूर्ण होते देख ट्रक चालक वहां से जान बचाकर भाग निकला और सीधे पंडोह पुलिस चौकी पहुंचकर शरण ली। पुलिस ने मौके पर अतिरिक्त बल तैनात कर स्थिति को शांत करवाया।

पंडोह क्षेत्र में यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और पहाड़ी सड़कों पर लापरवाही के खतरों की याद दिला गया। पुलिस ने वाहन चालकों से सावधानीपूर्वक वाहन चलाने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।
Author: Daily Himachal News
About The Author










