
डेली हिमाचल न्यूज़ – मंडी – सुंदरनगर : 23 मार्च से शुरू होने जा रहे राज्य स्तरीय सुकेत देवता मेला सुंदरनगर को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इस वर्ष मेले के सफल, सुव्यवस्थित और भव्य आयोजन के लिए सुकेत सर्व देवता कमेटी के साथ-साथ युवा देव समाज को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी। कमेटी का मानना है कि युवाओं की भागीदारी से आयोजन को नई ऊर्जा और बेहतर दिशा मिलेगी। सुकेत सर्व देवता कमेटी के प्रधान डॉ. अभिषेक सोनी ने बताया कि इस बार नलवाड़ मेला 22 मार्च और देवता मेला 23 मार्च से एक साथ आयोजित हो रहे हैं, जिसके चलते व्यवस्थाओं को लेकर विशेष योजना बनाई गई है। मेले में विभिन्न क्षेत्रों से देवी-देवताओं के आगमन के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु भी पहुंचते हैं। ऐसे में ठहरने, सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन के सहयोग से व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं।
डॉ. सोनी ने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं का रुझान देव परंपराओं और संस्कृति की ओर बढ़ा है, जो समाज के लिए सकारात्मक संकेत है। इसी सोच के तहत इस वर्ष युवा देव समाज को मेले की व्यवस्थाओं में सक्रिय भागीदारी दी जा रही है। चयनित युवा प्रतिनिधि देव सेवा की भावना से कार्य करते हुए विभिन्न दायित्व निभाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि युवाओं का चयन निष्पक्ष छवि, सामाजिक प्रतिबद्धता और नशामुक्त जीवनशैली को आधार बनाकर किया जाएगा। अंतिम निर्णय देवता कमेटी द्वारा लिया जाएगा। कमेटी ने क्षेत्र की जनता से भी अपील की है कि वे मेले को सफल बनाने के लिए सहयोग और सुझाव दें, ताकि यह सांस्कृतिक आयोजन परंपरा और अनुशासन के साथ संपन्न हो सके।
उधर, एसडीएम सुंदरनगर अमर नेगी ने कहा कि प्रशासन मेले को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न करवाने के लिए पूरी तरह तैयार है। सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक नियंत्रण, स्वास्थ्य सेवाएं और आपातकालीन प्रबंधों को लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी किए जा रहें हैं। उन्होंने क्षेत्रवासियों से भी सहयोग की अपील की, ताकि यह पारंपरिक मेला आपसी सद्भाव और उत्साह के साथ संपन्न हो सके।

Author: Daily Himachal News
About The Author










