मंडी में चिट्टा नेटवर्क का खुलासा : मां-बेटे के बाद अब नवविवाहिता बहू भी तस्करी में शामिल, सुंदरनगर में गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

डेली हिमाचल न्यूज़ – मंडी : मंडी जिला में चिट्टा (हेरोइन) तस्करी के एक बड़े और चौंकाने वाले मामले का खुलासा हुआ है, जिसने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। इस मामले में पुलिस ने एक ही परिवार से जुड़े दो लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें हाल ही में विवाह करके आई नवविवाहिता भी शामिल है। घटना ने न केवल कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि समाज में नशे के बढ़ते जाल की गंभीर तस्वीर भी सामने रखी है। जानकारी के अनुसार मंडी शहर के जेल रोड क्षेत्र की निवासी उमा देवी उर्फ ‘मोमबत्ती’ लंबे समय से नशे के अवैध कारोबार में सक्रिय रही है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक उसके खिलाफ पहले भी चिट्टा तस्करी के कई मामले दर्ज हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि इस अवैध धंधे में उसका बेटा और परिवार के अन्य सदस्य भी शामिल रहे हैं, जिससे यह एक संगठित पारिवारिक नेटवर्क का रूप ले चुका था। मामले का खुलासा उस समय हुआ जब सुंदरनगर पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि एक नवविवाहित जोड़ा सुंदरनगर बस स्टैंड के समीप एक निजी होटल में चिट्टा बेचने की फिराक में है। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए होटल में दबिश दी। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से करीब 21.017 ग्राम चिट्टा और नकदी बरामद की गई। पूछताछ में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि परिवार ने अपनी नई बहू को भी इस अवैध कारोबार में शामिल कर लिया था। शादी के कुछ ही दिनों बाद उसे नशे के इस काले धंधे में धकेल दिया गया। पुलिस ने मौके से बेटे और उसकी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मामले में अन्य परिजनों की भूमिका की भी गहन जांच जारी है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।

मामले की पुष्टि डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण ने करते हुए कहा कि नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह के अपराधों में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

यह घटना एक बार फिर यह दर्शाती है कि नशे का जाल किस तरह समाज की जड़ों तक पहुंच चुका है, और इसे खत्म करने के लिए सख्त कार्रवाई के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता भी बेहद जरूरी है।

About The Author

Read More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!