BIG BREAKING – चिट्टे की गिरफ्त में पूरा परिवार! सुंदरनगर में मां, बेटा, बहू और बेटी गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

डेली हिमाचल न्यूज़ – मंडी : हिमाचल प्रदेश में चिट्टे का बढ़ता जाल अब केवल युवाओं तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि इसके मामले परिवारों तक पहुंचने लगे हैं। मंडी जिले के सुंदरनगर में सामने आए एक मामले ने सभी को हैरान कर दिया है, जहां पुलिस ने चिट्टे के साथ एक ही परिवार के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए लोगों में मां, बेटा, बहू और बेटी शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार पुलिस थाना सुंदरनगर की टीम नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत क्षेत्र में गश्त और नाकाबंदी कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध कार को जांच के लिए रोका। तलाशी लेने पर कार से 6.650 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ। बरामदगी के बाद पुलिस ने वाहन में सवार चारों लोगों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गौरव पुत्र राजकरण निवासी सलापड़ कॉलोनी, सरला पत्नी राजकरण निवासी सलापड़ कॉलोनी, ज्योति पत्नी गौरव निवासी सलापड़ कॉलोनी सुंदरनगर व रिशु पत्नी गिरीश शर्मा निवासी चंडीगढ़ के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सरला परिवार की मुखिया हैं, जबकि गौरव उनका बेटा है। ज्योति गौरव की पत्नी और रिशु उसकी बहन बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई कांगू में लगाए गए नाके के दौरान की गई। चंडीगढ़ नंबर की कार की तलाशी लेने पर चिट्टा बरामद हुआ, जिसके बाद चारों को हिरासत में लिया गया। मामले ने इसलिए भी लोगों का ध्यान खींचा है क्योंकि आमतौर पर नशा तस्करी के मामलों में अलग-अलग व्यक्तियों की गिरफ्तारी होती है, लेकिन यहां एक ही परिवार के चार सदस्य एक साथ पुलिस के हत्थे चढ़े हैं। इससे क्षेत्र में कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बरामद चिट्टा कहां से लाया गया था और इसका इस्तेमाल या आपूर्ति किस उद्देश्य से की जानी थी। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस आरोपियों के अन्य संपर्कों और संभावित नेटवर्क की भी जांच कर रही है। चारों आरोपियों को अदालत में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

About The Author

Read More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!