
डेली हिमाचल न्यूज़ – सुंदरनगर : पुलिस थाना सुंदरनगर की टीम ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए पुंघ क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान एक कार से 914 ग्राम चरस बरामद की है। पुलिस ने मंडी और कुल्लू जिलों के दो युवकों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना सुंदरनगर की टीम पुंघ क्षेत्र में नियमित नाकाबंदी कर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान कार नंबर HP 26F-0526 को जांच के लिए रोका गया। तलाशी के दौरान पुलिस को कार के डैशबोर्ड में बेहद चालाकी से छिपाकर रखी गई 914 ग्राम चरस बरामद हुई। बरामदगी के तुरंत बाद दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बबलू पुत्र खिम्मी राम, निवासी गांव खिन्नी, तहसील औट, जिला मंडी तथा देवेंद्र कुमार पुत्र भूमि राम, निवासी गांव पनवी, तहसील सैंज, जिला कुल्लू के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद चरस कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था। साथ ही इस मामले में किसी बड़े नशा तस्करी गिरोह की संलिप्तता की भी गहन जांच की जा रही है।

डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। जिला पुलिस नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चला रही है और ऐसे मामलों में किसी भी दोषी को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
Author: Daily Himachal News
About The Author










