
डेली हिमाचल न्यूज़ – सुंदरनगर : सावन माह के प्रथम सोमवार के पावन अवसर पर आयरनफिस्ट जिम सुंदरनगर की ओर से सिनेमा चौक में श्रद्धालुओं एवं राहगीरों के लिए खीर प्रसाद का वितरण किया गया। धार्मिक आस्था और सेवा भाव से आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण कर आयोजन की सराहना की। कार्यक्रम में सुंदरनगर के विधायक राकेश जंवाल भी विशेष रूप से शामिल हुए। उन्होंने आयोजकों के इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा करते हुए कहा कि सावन माह में इस प्रकार के धार्मिक एवं सामाजिक सेवा कार्य समाज में भाईचारे, सहयोग और मानव सेवा की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने सभी क्षेत्रवासियों को सावन माह की शुभकामनाएं भी दीं।
आयरनफिस्ट जिम के हेड निशांत शर्मा ने बताया कि सावन के पहले सोमवार के अवसर पर भगवान शिव की कृपा से श्रद्धालुओं की सेवा के उद्देश्य से खीर प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि आयरनफिस्ट जिम केवल युवाओं को फिटनेस के प्रति जागरूक करने का ही कार्य नहीं कर रहा, बल्कि सामाजिक और धार्मिक गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी निभा रहा है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी जनहित और समाज सेवा से जुड़े ऐसे कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाएंगे। इस अवसर पर स्थानीय गणमान्य नागरिक, जिम के सदस्य एवं शिवभक्त बड़ी संख्या में मौजूद रहे। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धा, उत्साह और सेवा का वातावरण देखने को मिला।

Author: Daily Himachal News
About The Author










