हिमाचल महिला कांग्रेस में संगठनात्मक फेरबदल, नई नियुक्तियों की घोषणा, अंजय कुमारी को मंडी कांग्रेस की कमान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

डेली हिमाचल न्यूज़ | शिमला – अखिल भारतीय महिला कांग्रेस (AIMC) ने हिमाचल प्रदेश में संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण संगठनात्मक फेरबदल करते हुए नई नियुक्तियों की घोषणा की है। इस संबंध में सोमवार को अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की ओर से आधिकारिक कार्यालय आदेश जारी किया गया। इन नियुक्तियों को प्रदेश में महिला कांग्रेस के संगठनात्मक विस्तार और आगामी राजनीतिक गतिविधियों को गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
जारी आदेश के अनुसार, अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा की स्वीकृति से पिंगला भंडारी को हिमाचल प्रदेश महिला कांग्रेस का महासचिव तथा जमना देवी को प्रदेश सचिव नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही विभिन्न जिलों में नए जिला अध्यक्षों की भी नियुक्ति की गई है। नई नियुक्तियों के तहत नगर निगम की पूर्व पार्षद अंजय कुमारी को मंडी जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष, मोनिका भारती को कुल्लू जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष तथा कमला ठाकुर को लाहौल-स्पीति जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पार्टी नेतृत्व ने इन सभी नेताओं से संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने, महिला कार्यकर्ताओं को सक्रिय रूप से जोड़ने तथा कांग्रेस की नीतियों और कार्यक्रमों को प्रत्येक बूथ तक पहुंचाने की अपेक्षा जताई है।

कार्यालय आदेश हिमाचल प्रदेश महिला कांग्रेस की कार्यवाहक अध्यक्ष तृप्ता ठाकुर को संबोधित करते हुए जारी किया गया है। आदेश में निर्देश दिए गए हैं कि इन नियुक्तियों की जानकारी तत्काल सार्वजनिक की जाए तथा संगठनात्मक स्तर पर आवश्यक औपचारिकताएं शीघ्र पूरी की जाएं, ताकि नव-नियुक्त पदाधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन शुरू कर सकें।

उधर, मंडी जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष नियुक्त अंजय कुमारी ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका वह पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगी। उन्होंने कहा कि महिला कांग्रेस को मंडी जिले में और अधिक मजबूत बनाने, अधिक से अधिक महिलाओं को संगठन से जोड़ने तथा पार्टी की विचारधारा को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए वह सभी कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर कार्य करेंगी। उन्होंने विश्वास जताया कि संगठन की मजबूती के लिए सामूहिक प्रयास किए जाएंगे और महिला कांग्रेस को जमीनी स्तर पर नई ऊर्जा मिलेगी।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इन नियुक्तियों के माध्यम से महिला कांग्रेस संगठन को नई दिशा देने के साथ-साथ आगामी चुनावी और संगठनात्मक गतिविधियों के लिए मजबूत आधार तैयार करने का प्रयास किया गया है।

About The Author

Read More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!