Mandi News : सुंदरनगर के अनमोल का थाईलैंड में निधन, दौड़ी शोक की लहर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

डेली हिमाचल न्यूज़ – सुंदरनगर : सुंदरनगर के भोजपुर बाजार निवासी 24 वर्षीय युवा अनमोल शर्मा के थाईलैंड में आकस्मिक निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। विदेश में मेहनत कर अपने और परिवार के सपनों को साकार करने निकले अनमोल की असमय मौत ने न केवल उनके परिवार, बल्कि रिश्तेदारों, मित्रों और क्षेत्रवासियों को गहरे सदमे में डाल दिया है। जानकारी के अनुसार अनमोल शर्मा थाईलैंड के एक प्रतिष्ठित होटल में शेफ के रूप में कार्यरत था। अपने पेशे को लेकर वह बेहद मेहनती और समर्पित था। बीते महीने दादा के निधन के चलते वह कुछ समय के लिए भारत आया हुआ था और पारिवारिक शोक के बाद कुछ दिन पहले ही थाईलैंड अपने काम पर लौटा था। बताया जा रहा है कि थाईलैंड पहुंचने के कुछ समय बाद ही उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। स्थानीय स्तर पर उपचार के प्रयास किए गए, लेकिन स्वास्थ्य में सुधार न होने के कारण अनमोल का वहीं देहांत हो गया। इस दुखद खबर के बाद परिवार पर मानो दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। तमाम औपचारिकताओं के बाद वीरवार को अनमोल शर्मा का पार्थिव शरीर थाईलैंड से भारत लाया गया। सुंदरनगर पहुंचने पर परिजनों, रिश्तेदारों और स्थानीय लोगों ने नम आंखों से अंतिम दर्शन किए। इसके पश्चात चांदपुर स्थित मोक्ष धाम में पूरे धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम संस्कार के दौरान माहौल बेहद गमगीन रहा और हर आंख नम दिखाई दी।

अनमोल शर्मा के असमय निधन से भोजपुर बाजार सहित आसपास के क्षेत्रों में शोक का माहौल रहा। दुख की इस घड़ी में कई व्यापारिक प्रतिष्ठान भी शोक स्वरूप बंद रहे। अनमोल के पिता विवेक शर्मा भोजपुर बाजार में रेडीमेड कपड़ों का व्यवसाय करते हैं। बेटे की असमय मौत से परिवार गहरे सदमे में है और घर में मातम पसरा हुआ है। क्षेत्रवासियों ने अनमोल को एक सरल, मिलनसार और कर्मठ युवा बताते हुए कहा कि वह हमेशा दूसरों की मदद के लिए तत्पर रहता था। कम उम्र में विदेश जाकर अपने हुनर के दम पर पहचान बनाना उसकी मेहनत और लगन को दर्शाता था। लोगों का कहना है कि अनमोल का यूं अचानक चले जाना न केवल उसके परिवार, बल्कि समाज के लिए भी अपूरणीय क्षति है। इस दुखद घटना ने एक बार फिर यह एहसास करा दिया है कि जीवन कितना अनिश्चित है।

About The Author

Read More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!