
डेली हिमाचल न्यूज़ – सुंदरनगर : सुंदरनगर के लिए गुरुवार का दिन अत्यंत दुखद समाचार लेकर आया। क्षेत्र के जाने-माने और प्रतिष्ठित व्यापारी, गोयल ब्रदर्स के मालिक बिहारी लाल गोयल का देर शाम 8:30 बजे निधन हो गया। उनके निधन की खबर फैलते ही सुंदरनगर सहित पूरे व्यापारिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई। गोयल के आकस्मिक निधन से न केवल उनका परिवार, बल्कि पूरा शहर गहरे सदमे में है। बिहारी लाल गोयल सुंदरनगर के व्यापारिक क्षेत्र में एक सम्मानित और विश्वसनीय नाम थे। दशकों से उन्होंने ईमानदारी, परिश्रम और सरल स्वभाव के साथ व्यापार किया और अपनी अलग पहचान बनाई। वे न केवल एक सफल व्यापारी थे, बल्कि सामाजिक कार्यों में भी उनकी सक्रिय भागीदारी रही। जरूरतमंदों की सहायता करना, सामाजिक आयोजनों में सहयोग देना और व्यापारिक एकता को मजबूत करना उनके जीवन का अभिन्न हिस्सा रहा। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि गोयल का व्यवहार अत्यंत सौम्य और सहयोगी था। वे हमेशा युवा व्यापारियों को मार्गदर्शन देते थे और किसी भी समस्या में सलाह देने से पीछे नहीं हटते थे। गोयल का निधन सुंदरनगर के व्यापारिक समाज के लिए अपूरणीय क्षति बताया जा रहा है। दिवंगत बिहारी लाल गोयल का अंतिम संस्कार शुक्रवार सुबह 11 बजे मोक्ष धाम में विधि-विधान के साथ किया जाएगा। अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में व्यापारियों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों, रिश्तेदारों और स्थानीय लोगों के शामिल होने की संभावना है।
बता दे की बिहारी लाल गोयल के निधन से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है और लोग नम आंखों से एक नेकदिल इंसान को अंतिम विदाई देने की तैयारी कर रहे हैं।

Author: Daily Himachal News
About The Author











