कांगड़ा : विनोद ध्रब्याल राही की पुस्तक “चाॅंद पर लाजो” का हुआ लोकार्पण

1 min read

नूरपुर (भूषण शर्मा)

हिमाचल प्रदेश के बेहतरीन साहित्यकार कवि एवं कहानीकार जिला कांगड़ा से संबंध रखने वाले विनोद ध्रब्याल राही की काव्य पुस्तक चाँद पर लाजो का भव्य लोकार्पण होटल वाटिका बोड़ (जसूर) में एएसपी सुरेंद्र शर्मा द्वारा किया गया। इस दौरान समारोह में हिमाचल प्रदेश के बहुत से जिलों के साहित्यकार एवं कवियों ने शिरकत की और पुस्तक के विमोचन समारोह में हिस्सा लिया। चांद पर लाजो 68 कविताओं का एक संग्रह है. जिनमें जीवन के विभिन्न रंगों को एक लड़ी के रूप में संजोने का कवि के माध्यम से प्रयास किया गया है। 144 पन्नों की इस खूबसूरत किताब को रुद्रादित्य प्रकाशन प्रयागराज द्वारा प्रकाशित किया गया है। काव्य संग्रह पर कई विद्वानों ने चर्चा की।

पुस्तक पर चर्चा करते हुए वरिष्ठ साहित्यकार रमेशचंद्र मस्ताना ने कहा कि चाँद पर लाजो में कवि ने अतीत और वर्तमान के अनुभूत सत्यों को संजोते हुए सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य का अहसास करवाया है। वहीं जितेंद्र शर्मा ने उनकी कविताओं को समाज को नई दिशा देने वाला बताया है। अपने वक्तव्य में डॉ विजय कुमार पुरी ने बताया कि काव्य संग्रह में अभिव्यक्त यथार्थ, प्रकृति वर्णन, परिजनों का स्नेह व महिला सशक्तिकरण नए अर्थबोध व प्रतीकों के साथ अभिव्यक्त किया है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सुरेंद्र शर्मा ने कवि को बधाई देते हुए कहा कि रचनाकार अपनी सृजनधर्मिता से जनजागरण करवाता है।
विनोद ध्रब्याल राही शिक्षा विभाग हिमाचल प्रदेश में प्रवक्ता के रूप में कार्यरत हैं और लेखन के कार्य में काफी समय से सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। इसके साथ-साथ उन्हें पूर्व में शबनम साहित्य परिषद व पत्रिका शबनम ज्योति राजस्थान द्वारा अखिल भारतीय साहित्य गौरव रतन की मानद उपाधि भी दी जा चुकी है।

उनकी इस पुस्तक के विमोचन अवसर पर अधिक जानकारी देते हुए राही ने बताया कि यह पुस्तक अपने आप में एक विशेष पुस्तक है जो 68 कविताओं को अपने आप में समेटे हुए हैं जिनका जिंदगी के विभिन्न विभिन्न पहलुओं से गहरा संबध है। अंत में विनोद ध्रब्याल राही ने आए हुए सभी अतिथियों का कार्यक्रम में पधारकर आशीर्वाद देने पर हार्दिक आभार व्यक्त किया।

इस समारोह में हिंगराज चिराग, सुषमा देवी, अशोक दर्द, जगजीत आजाद, सुभाष साहिल, शाम अजनबी, भूपेन्द्र भूपी, रमेश मस्ताना, राजीव त्रिगर्ति, सुरेश कौंडल, हरि कृष्ण मुरारी, पूरन अहसान, किशोर धीमान, प्रभात शर्मा, जितेंद्र शर्मा, शंकर सन्याल, शिव सन्याल, कपिल मेहरा, रोशन, युद्धवीर टंडन, उत्तम सूर्यवंशी, सतपाल शर्मा, पंकज दर्शी, डॉक्टर विजय पुरी, शक्ति कुमार प्रवक्ता, सतीश कुमार प्रवक्ता और परिवार की ओर से प्रेम सिंह, पत्नी परवीन कुमारी, आर्यन ध्रब्याल, आर्यश ध्रब्याल, चाहत चौहान, कृष्णा चौहान, अनु ने विशेष रूप से शिरकत की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!