
डेली हिमाचल न्यूज़ – मंडी – गोहर (संजीव कुमार) : मंडी जिला के बल्ह क्षेत्र के नलसर निवासी मुकेश ठाकुर को भारतीय सेना के जीओसी 12 कोर के सैनिक कमांडर द्वारा राजस्थान के अलवर में नेशन बिल्डर अवार्ड से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उनके द्वारा समाज व शिक्षा के क्षेत्र में किए गए उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रदान किया गया।
ये रहा मुकेश ठाकुर का सफर और उपलब्धियां :

मुकेश ठाकुर वर्तमान में राजकीय उच्च पाठशाला बैहना, जिला मंडी (हिमाचल प्रदेश) में टीजीटी आर्ट्स शिक्षक के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने भारतीय सेना की ग्रेनेडियर्स रेजिमेंट में 17 वर्षों तक सेवाएं दीं और इस दौरान एनएसजी (ब्लैक कैट कमांडो) के रूप में कार्य किया। वे कमांडो ट्रेनर, स्काई मार्शल और कराटे प्रशिक्षक भी रह चुके हैं।
खेल और सुरक्षा क्षेत्र में विशेष भूमिका :
2007 क्रिकेट वर्ल्ड कप (वेस्टइंडीज) के दौरान वे भारतीय क्रिकेट टीम के सुरक्षा अधिकारी रहे। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के निजी सुरक्षा अधिकारी के रूप में भी उन्होंने सेवाएं दीं। और दिल्ली पुलिस में सब-इंस्पेक्टर के पद पर अपनी सेवाएं दी।
शिक्षा और आत्मरक्षा प्रशिक्षण में योगदान :
2015 से हिमाचल प्रदेश के शिक्षा विभाग में टीजीटी आर्ट्स शिक्षक के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे मुकेश ठाकुर शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों को आत्मरक्षा का भी प्रशिक्षण दे रहे हैं। वे सुबह और शाम के अतिरिक्त समय में छात्रों को निशुल्क कराटे प्रशिक्षण देकर उन्हें आत्मनिर्भर बना रहे हैं। उन्होंने ‘टीम साबला’ का गठन कर लड़कियों को आत्मरक्षा में सशक्त बनाने का मिशन शुरू किया है। अब तक वे आईटीआई मंडी, हिमाचल आर्मी वाइव्स वूमेन संगठन, और विभिन्न सरकारी विद्यालयों में लगभग 2000 विद्यार्थियों को कराटे प्रशिक्षण दे चुके हैं। उनके इस सामाजिक और शैक्षिक योगदान के लिए राजस्थान के अलवर में भारतीय सेना द्वारा सम्मानित किया गया, जो न केवल उनके लिए बल्कि पूरे हिमाचल प्रदेश के लिए गर्व की बात है।

Author: Daily Himachal News
