
डेली हिमाचल न्यूज़ – नेरचौक (गोविन्द ठाकुर) : जिला मंडी की बल्ह पुलिस ने चिट्टे के कुख्यात सप्लायर नीरज शर्मा को एक बार फिर उसके घर से दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया है। यह उसकी छठी गिरफ्तारी है। बीती रात टरोह निवासी नीरज शर्मा, पुत्र पीतांबर लाल के घर पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से छापा मारा। मौके से पुलिस ने उसके पास से 2.70 ग्राम चिट्टा बरामद किया। पुलिस टीम जब नीरज शर्मा के घर पहुंची तो उसके कमरे से एक युवती भी मिली, जो धर्मपुर की रहने वाली बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार युवती भी चिट्टे की आदि है। पहली बार पकड़े जाने के चलते उसे कड़ी चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।
इस कार्रवाई का नेतृत्व एसएचओ बल्ह संजय कुमार ने किया। उनके साथ हेड कांस्टेबल रामचंद्र, हेड कांस्टेबल मनु राणा, कांस्टेबल राजकुमार और गृह रक्षक सावित्री देवी मौजूद रहे। जांच अधिकारी रामचंद्र ने बताया कि नीरज शर्मा को इससे पहले भी पांच बार चिट्टे के मामलों में पकड़ा जा चुका है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस छठी कार्रवाई में आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

स्थानीय लोगों में आक्रोश :
गांव के लोग लगातार प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। स्थानीय निवासी अरुण कुमार, यशवंत ठाकुर, नरेंद्र, गिरजानंद, रमन कुमार, इंद्र सिंह, पंकज, राजेंद्र कुमार और चंदन ठाकुर ने कहा कि नीरज शर्मा जैसे लोग युवा पीढ़ी को पूरी तरह बर्बाद कर रहे हैं।
उनका कहना है कि पुलिस बार-बार कार्रवाई तो करती है, लेकिन आरोपी आसानी से छूट जाता है, जिससे समाज में नकारात्मक संदेश जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि नीरज शर्मा दिन में कम ही घर से निकलता है और रात को गांव में चारपहिया गाड़ियों और बाइकों के जरिए माल सप्लाई करता है। अब बाजारों के बजाय गांवों को ही अपना ठिकाना बना लिया है, जिससे स्थानीय लोग परेशान हैं।
थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि नीरज शर्मा के खिलाफ लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं। पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी। इससे पहले भी उसे पांच बार गिरफ्तार किया जा चुका है। इस बार आरोपी के साथ धर्मपुर की शबनम भी पकड़ी गई, जिसे पहली बार नोटिस देकर छोड़ा गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
Author: Daily Himachal News
About The Author










