
डेली हिमाचल न्यूज़ – मंडी : प्रदेश भाजपा प्रवक्ता एवं जिला किन्नौर के प्रभारी अजय राणा ने मंत्री जगत सिंह नेगी के हालिया बयानों को लेकर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि जगत सिंह नेगी बिना संदर्भ और तथ्य के अनर्गल व अनाप-शनाप टिप्पणिययां करने के लिए बदनाम रहे हैं। राणा ने आरोप लगाया कि आपदा के समय जब मंत्री नेगी जंजैहली पहुंचे थे, तो उन्होंने पीड़ितों को एक धेला तक की सहायता नहीं दी, जिसके चलते वहां मौजूद युवा और अन्य लोग आक्रोशित हो गए थे। उसी दौरान स्थानीय लोगों ने उन्हें काले बिल्ले और काले झंडे दिखाए थे।
अजय राणा ने कहा कि उस घटना को मंत्री नेगी हर मंच पर याद कर अपनी खीज नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर पर निकालते रहते हैं, जबकि उस दिन की प्रतिक्रिया पूरी तरह जनता की वास्तविक भावनाओं से उपजी थी। इसमें जयराम ठाकुर का क्या दोष? जनता अपनी पीड़ा और असंतोष व्यक्त करती है। इसे राजनीतिक साजिश बताना अनुचित है। राणा ने कहा कि मंत्री नेगी ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के बारे में भी असंगत टिप्पणी की है। उन्होंने कहा कि मंत्री को चाहिए कि वे एक दिन संघ की शाखा में जाकर देखें, जिससे उनकी भ्रांतियां दूर हों और उनके मन की गंदगी व कल्पनाओं में फर्क समझ आए।
उन्होंने सवाल उठाया कि मंत्री और विधायक बनने पर जो शपथ ली जाती है, क्या वह झूठ बोलने या अमर्यादित भाषा का प्रयोग करने की होती है? “जगत सिंह नेगी जी को संविधान और उसकी गरिमा का ख्याल रखना चाहिए। भाषा, मर्यादा और संवाद का भी एक शिष्टाचार होता है। उनकी बातें कभी-कभी गली-मोहल्ले की छिछोरी और छिछली टिप्पणियों जैसी प्रतीत होती हैं, जो किसी मंत्री के लिए शोभनीय नहीं है।

अजय राणा ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खु से भी आग्रह किया कि वे विचार करें कि क्या जगत सिंह नेगी वास्तव में मंत्री पद के योग्य हैं, क्योंकि इस तरह की बयानबाज़ी सरकार की छवि पर भी प्रश्न खड़े करती है।
Author: Daily Himachal News
About The Author










