
डेली हिमाचल न्यूज़ – मंडी : जिला मंडी के बीएसएल कॉलोनी थाना सुंदरनगर क्षेत्र में सड़क हादसे के बाद एक महिला के गहने गायब होने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार ने इस संबंध में पुलिस थाना बीएसएल कॉलोनी में लिखित शिकायत देकर मामले की जांच की मांग की है। वहीं पूरी घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जो मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद बताया जा रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता रजत शर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 10 मार्च 2026 को उनकी पत्नी कोशिन शर्मा नरेश चौक के पास एक सड़क दुर्घटना का शिकार हो गई थीं। हादसे के दौरान वह सड़क पर गिर गईं, जिससे उनके पास मौजूद कुछ निजी सामान और गहने भी सड़क पर गिर गए।
उन्होंने बताया कि दुर्घटना के समय आसपास मौजूद कई लोग मौके पर एकत्र हो गए और उनकी घायल पत्नी को उठाने में मदद करने लगे। बाद में जब परिवार ने सामान की जांच की तो पता चला कि कुछ गहने गायब हैं। शिकायत के अनुसार दुर्घटना से पहले ये गहने उनकी पत्नी के पास ही थे, लेकिन घटना के बाद जब मौके पर भीड़ इकट्ठा हुई तो उसी दौरान ये गहने लापता हो गए। परिवार को आशंका है कि मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने मदद का बहाना बनाकर गहने चोरी कर लिए। गायब हुए गहनों में मंगलसूत्र और नथ शामिल बताए जा रहे हैं। पीड़ित परिवार का कहना है कि इस घटना से उन्हें आर्थिक नुकसान के साथ-साथ मानसिक परेशानी का भी सामना करना पड़ रहा है। परिवार ने पुलिस से मांग की है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जाए और उस समय मौके पर मौजूद लोगों की पहचान कर मामले की गहन जांच की जाए, ताकि गायब हुए गहनों को बरामद किया जा सके और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो सके। परिवार ने यह भी कहा है कि वे जांच में पुलिस का पूरा सहयोग करेंगे और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त जानकारी भी उपलब्ध कराएंगे।

मामले को लेकर डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण ने बताया कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Author: Daily Himachal News
About The Author










