Mandi News : विवाहिता 2 वर्षीय बेटे के साथ लापता, पुलिस में गुमशुदगी का मामला दर्ज

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

डेली हिमाचल न्यूज़ – मंडी-गोहर (संजीव कुमार) : जिला मंडी के गोहर थाना क्षेत्र के अंतर्गत चैलचौक की पंचायत नेहरा (गणई) के बाग गांव से एक विवाहिता अपने दो वर्षीय बेटे के साथ रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गई है। घटना को चार दिन बीत जाने के बावजूद अभी तक महिला और बच्चे का कोई सुराग नहीं लग पाया है, जिससे परिजनों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार सुरेन्द्र कुमार पुत्र जीवा नंद निवासी गांव बाग डाकघर चैलचौक तहसील चच्योट जिला मंडी ने पुलिस थाना गोहर में शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत में उन्होंने बताया कि उनकी पुत्रवधू ज्योति कुमारी पत्नी ईश्वर दास बीती 7 मार्च 2026 की रात को अपने लगभग दो वर्षीय बेटे स्वांश भारद्वाज को साथ लेकर घर से कहीं चली गई। परिजनों को इस घटना की जानकारी अगले दिन 8 मार्च की सुबह करीब 8:30 बजे मिली। जब उन्होंने कमरे की जांच की तो पाया कि कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था, जबकि ज्योति कुमारी खिड़की के रास्ते अपने बेटे को साथ लेकर घर से निकल गई थी। इस घटना के बाद परिवार के लोगों ने तुरंत आसपास के क्षेत्रों में महिला और बच्चे की तलाश शुरू की। परिजनों ने अपने स्तर पर ससुराल और मायका पक्ष सहित रिश्तेदारों तथा आसपास के कई गांवों में भी महिला और बच्चे के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास किया, लेकिन अभी तक उनका कोई पता नहीं चल पाया है। लगातार चार दिन बीत जाने के बाद भी कोई सुराग न मिलने से परिवार के सदस्य बेहद चिंतित और परेशान हैं।

उधर, पुलिस ने शिकायत के आधार पर गुमशुदगी का मामला दर्ज कर लिया है और महिला की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा गुमशुदा महिला ज्योति कुमारी के संबंध में सभी थानों को सूचना भेज दी गई है। इसके साथ ही पुलिस महिला के मोबाइल फोन की अंतिम लोकेशन और कॉल डिटेल्स की भी जांच कर रही है, ताकि उसके बारे में कोई सुराग मिल सके।

जानकारी के अनुसार ज्योति कुमारी का पति ईश्वर दास पंजाब के रोपड़ में एक निजी कंपनी में कार्यरत है। पत्नी के लापता होने की सूचना मिलते ही वह उसी दिन रोपड़ से घर वापस लौट आया। इसके बाद उसने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर कई स्थानों पर पत्नी और बेटे की तलाश की, लेकिन अभी तक कोई सफलता नहीं मिल पाई है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है और उम्मीद है कि जल्द ही महिला और बच्चे के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है। वहीं परिजन भी दोनों की सकुशल वापसी की उम्मीद लगाए बैठे हैं।

मामले की पुष्टि करते हुए एसपी मंडी विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

About The Author

Read More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!