नेरचौक मेडिकल कॉलेज में रोबोटिक सर्जरी शुरू, सीएम सुक्खू बोले- एम्स की तर्ज पर मिलेंगी सुविधाएं

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

डेली हिमाचल न्यूज़ – मंडी : हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शुक्रवार को नेरचौक स्थित श्री लाल बहादुर शास्त्री मेडिकल कॉलेज में अत्याधुनिक रोबोटिक सर्जरी सेवा का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है, ताकि लोगों को बेहतर इलाज की सुविधाएं प्रदेश में ही उपलब्ध हो सकें। मुख्यमंत्री ने इस दौरान पूर्व सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मंडी से मुख्यमंत्री होने के बावजूद भी पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के कार्यकाल में मेडिकल कॉलेज नेरचौक को कई महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित रखा गया। उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर मुख्यमंत्री रहते हुए भी मेडिकल कॉलेज नेरचौक में एमआरआई मशीन स्थापित नहीं करवा पाए, जबकि यहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम पहले से मौजूद थी। सुविधाओं के अभाव में कई मरीजों को इलाज के लिए अन्य बड़े अस्पतालों में रेफर करना पड़ता था, जिससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि अब मेडिकल कॉलेज नेरचौक को दिल्ली के एम्स की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। इसी दिशा में यहां रोबोटिक सर्जरी सुविधा शुरू की गई है, जो आधुनिक तकनीक पर आधारित है। उन्होंने बताया कि रोबोटिक सर्जरी की सटीकता 90 प्रतिशत से अधिक होती है, जिससे जटिल ऑपरेशन भी अधिक सुरक्षित और कम समय में किए जा सकेंगे। उन्होंने बताया कि जल्द ही मेडिकल कॉलेज नेरचौक में टेस्ला-3 एमआरआई मशीन स्थापित की जाएगी और इसके साथ टेस्ला लैब भी शुरू की जाएगी, जिससे मरीजों को उच्च स्तरीय जांच सुविधाएं उपलब्ध होंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य है कि हिमाचल के मेडिकल कॉलेजों में एम्स स्तर की सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएं, ताकि मरीजों को इलाज के लिए राज्य से बाहर न जाना पड़े। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार गांवों में रहने वाले लोगों, किसानों और मजदूरों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है और इसी उद्देश्य से स्वास्थ्य क्षेत्र में लगातार सुधार किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि रोबोटिक सर्जरी की लागत लगभग 5 लाख रुपये आती है, जिसमें प्रदेश सरकार करीब 4 लाख 50 हजार रुपये का वहन करेगी, जबकि मरीज को केवल लगभग 50 हजार रुपये ही खर्च करने होंगे। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने हिम केयर योजना के तहत भी कई नई सुविधाएं बढ़ाई हैं। उन्होंने कहा कि इस योजना में हुए संभावित भ्रष्टाचार की जांच भी करवाई जा रही है और जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य प्रदेश के लोगों को आधुनिक, सस्ती और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है, ताकि हर व्यक्ति को गुणवत्तापूर्ण इलाज मिल सके।

About The Author

Read More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!