
डेली हिमाचल न्यूज़ – मंडी : अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त मंडी शिवरात्रि महोत्सव-2026 की औपचारिक शुरुआत शुक्रवार को धार्मिक परंपराओं के अनुरूप हो गई। महोत्सव में पधारने के लिए जनपद के आराध्य बड़ा देव कमरूनाग को शिवरात्रि महोत्सव आयोजन समिति की ओर से पहला न्यून्द्रा (निमंत्रण पत्र) प्रदान किया गया। यह न्यून्द्रा आयोजन समिति के अध्यक्ष एवं उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन की ओर से उपमंडलाधिकारी गोहर देवी लाल द्वारा धन्यारा क्षेत्र के गौत गांव स्थित कोठी में विधिवत रूप से सौंपा गया।परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव के लिए कुल 216 देवी-देवताओं को निमंत्रण दिए जाएंगे। सभी देवी-देवताओं को विशेष रूप से मंडी कलम शैली में तैयार किए गए पारंपरिक न्यून्द्रा प्रदान किए जा रहे हैं। बड़ा देव कमरूनाग को भी इसी विशिष्ट शैली में सुसज्जित पहला न्यून्द्रा भेंट किया गया, जिसे लेकर देव कारदारों और श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा गया।
गौरतलब है कि विश्व प्रसिद्ध मंडी शिवरात्रि महोत्सव में धार्मिक अनुष्ठानों का शुभारंभ श्री माधव राय और बड़ा देव कमरूनाग के पावन मिलन के बाद ही होता है। परंपरा के अनुसार बड़ा देव के मंडी नगर में आगमन पर शहर के प्रवेश द्वार पर उनका भव्य एवं पारंपरिक स्वागत किया जाता है, जिसके साथ ही महोत्सव के कारज विधिवत आरंभ माने जाते हैं।

बड़ा देव कमरूनाग के कारदारों ने महोत्सव को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। जानकारी के अनुसार 14 फरवरी 2026 को बड़ा देव कमरूनाग का अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव के लिए मंडी आगमन होगा। पुलघराट में गठित स्वागत समिति द्वारा उनका विधिवत अभिनंदन किया जाएगा। इसके उपरांत श्री माधव राय मंदिर में उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन द्वारा आधिकारिक स्वागत किया जाएगा। इसके पश्चात बड़ा देव का श्री माधव राय से पारंपरिक मिलन संपन्न होगा। तत्पश्चात मंडी रियासत के राज परिवार द्वारा बड़ा देव का पारंपरिक स्वागत किया जाएगा। राजा माधव राय से उनके महल में भेंट और विश्राम के बाद बड़ा देव कमरूनाग माता श्यामाकाली मंदिर में महोत्सव के समापन तक विराजमान रहेंगे।
बता दे कि मंडी पहुंचने वाले अन्य देवी-देवता भी श्री माधव राय के दरबार में हाजिरी लगाकर ही अपने-अपने स्थानों पर विराजमान होते हैं। इस प्रकार देव संस्कृति और आस्था का संगम बने मंडी शिवरात्रि महोत्सव की तैयारियों ने अब औपचारिक गति पकड़ ली है।
Author: Daily Himachal News
About The Author










