
डेली हिमाचल न्यूज़ – सोलन : सोलन जिला के थाना कसौली के अंतर्गत गांव शनोगी में एक दिल दहला देने वाली हत्या की वारदात सामने आई है। इस मामले में पुलिस ने पत्नी की हत्या के आरोप में पति को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार, पुलिस चौकी कुठाड़ को गांव शनोगी से सूचना मिली कि चतर सिंह और उसकी पत्नी सुमन के बीच झगड़ा हुआ है। सूचना में बताया गया कि सुमन पर चाकू से हमला किया गया है और वह कमरे में बंद है। सूचना मिलते ही पुलिस चौकी कुठाड़ की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। मौके पर जांच के दौरान पाया गया कि चतर सिंह की पत्नी सुमन (उम्र 38 वर्ष) अपने कमरे में खून से लथपथ मृत अवस्था में पड़ी थी। मृतका के गले और शरीर के अन्य हिस्सों पर तेजधार हथियार से किए गए गंभीर घाव पाए गए।
घटना के संबंध में स्थानीय महिला ने पुलिस को बयान दिया कि उन्हें फोन पर सूचना मिली थी कि सुमन और उसके पति चतर सिंह के बीच झगड़ा हुआ है। सूचना मिलने पर वह परिजनों के साथ गांव शनोगी पहुंचीं। पूजा ने अपने बयान में स्पष्ट रूप से संदेह जताया कि उनकी ननद सुमन की हत्या उसके पति चतर सिंह द्वारा ही की गई है। बयान के आधार पर थाना कसौली में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम ने घटनास्थल और शव का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से वारदात में प्रयुक्त एक चाकू और एक कैंची को कब्जे में लिया है। पुलिस अधिकारी परवाणू द्वारा भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए शिमला भेजा गया है।
जांच के दौरान गवाहों और संदिग्धों से पूछताछ के बाद यह पुष्टि हुई कि हत्या आरोपी पति चतर सिंह ने की है। इसके बाद पुलिस ने आरोपी चतर सिंह पुत्र पाल सिंह (उम्र 43 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की जांच जारी है।
Author: Daily Himachal News
About The Author










