Mandi News : रिफ्लेक्टर कॉलर पशुओं की जान बचाने में होगा सहायक : डॉ. अनिल सिंगला

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

डेली हिमाचल न्यूज़ – सुंदरनगर : सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और बेसहारा पशुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक सराहनीय पहल के तहत हिमाचल डेंटल कॉलेज और क्रयाश चैरिटेबल ट्रस्ट के सहयोग से हीम जीव कल्याण फाउंडेशन को रिफ्लेक्टर कॉलर प्रदान किए गए। ये कॉलर सड़क पर घूमने वाले बैलों के गले में पहनाए जाएंगे, जिससे विशेष रूप से रात्रि के समय उनकी दृश्यता बढ़ेगी और दुर्घटनाओं की आशंका कम होगी। कार्यक्रम का आयोजन कॉलेज परिसर में किया गया, जिसमें हिमाचल डेंटल कॉलेज के निदेशक डॉ. अनिल सिंगला, प्रिंसिपल डॉ. बलजीत सिंह, वाइस प्रिंसिपल डॉ. देवेंद्र शर्मा, क्रयाश चैरिटेबल ट्रस्ट के संस्थापक डॉ. धर्मेश शर्मा तथा हीम जीव कल्याण फाउंडेशन के संस्थापक सोहन सिंह अपनी-अपनी टीमों के साथ उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल को सामाजिक सरोकारों से जुड़ा एक महत्वपूर्ण प्रयास बताया।

इस अवसर पर डॉ. अनिल सिंगला ने कहा कि सड़क पर घूमने वाले बेसहारा पशुओं की सुरक्षा आज एक बड़ी चुनौती बन चुकी है। रिफ्लेक्टर कॉलर जैसी पहल न केवल पशुओं की जान बचाने में सहायक होगी, बल्कि वाहन चालकों के लिए भी यह एक सुरक्षा संकेत का काम करेगी। उन्होंने क्रयाश चैरिटेबल ट्रस्ट और हीम जीव कल्याण फाउंडेशन की टीम का धन्यवाद करते हुए भविष्य में भी ऐसे सामाजिक और मानवीय कार्यों के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

डॉ. धर्मेश शर्मा और सोहन सिंह ने बताया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और अधिक से अधिक क्षेत्रों में सड़क पर घूमने वाले पशुओं को रिफ्लेक्टर कॉलर पहनाए जाएंगे। उन्होंने आम जनता से भी अपील की कि वे पशु संरक्षण के प्रति संवेदनशील बनें और सड़क पर वाहन चलाते समय सावधानी बरतें। बता दे की यह पहल समाज में पशु कल्याण के प्रति जागरूकता बढ़ाने और सड़क दुर्घटनाओं को कम करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।

About The Author

Read More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!