
डेली हिमाचल न्यूज़ – सुंदरनगर : सुंदरनगर स्थित महावीर स्कूल में कक्षा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों के लिए मानसिक स्वास्थ्य और तनाव प्रबंधन विषय पर एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यशाला ऐसे समय में आयोजित हुई जब छात्र बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी में व्यस्त हैं और बेहतर प्रदर्शन का दबाव महसूस कर रहे हैं। कार्यशाला का संचालन प्रसिद्ध मनोवैज्ञानिक डॉ. पवनिश ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि परीक्षा के दौरान तनाव होना स्वाभाविक है, लेकिन यदि इसे नियंत्रित न किया जाए तो यह प्रदर्शन को प्रभावित कर सकता है। उन्होंने सकारात्मक सोच, समय प्रबंधन और आत्मविश्वास बढ़ाने वाली तकनीकों के माध्यम से तनाव से निपटने के व्यावहारिक उपाय साझा किए। डॉ. पवनिश ने छात्रों के आत्मविश्वास को सुदृढ़ करने के लिए एक सरल लेकिन प्रभावी मंत्र दिया “I am the best” (मैं सर्वश्रेष्ठ हूँ)। उनके अनुसार इस तरह की सकारात्मक पुष्टि (Positive Affirmation) न केवल आत्म-सम्मान को बढ़ाती है, बल्कि परीक्षा से जुड़ी घबराहट और डर को कम करने में भी सहायक होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को सलाह दी कि वे प्रतिदिन इस मंत्र का अभ्यास करें और स्वयं पर भरोसा बनाए रखें।

कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों ने खुलकर अपने सवाल रखे और तनाव से जुड़ी समस्याओं पर समाधान पाए। विद्यालय प्रबंधन ने ऐसे प्रेरक और उपयोगी सत्रों के आयोजन को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक बताया और भविष्य में भी इस तरह की गतिविधियों को जारी रखने की बात कही।


Author: Daily Himachal News
About The Author










