Mandi News : UGC NET में सुंदरनगर की अनमोल का शानदार प्रदर्शन, ऑल इंडिया में 47वीं रैंक हासिल कर बढ़ाया मान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

डेली हिमाचल न्यूज़ – सुंदरनगर : राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित सीएसआईआर-यूजीसी नेट परीक्षा में सुंदरनगर के चूरड़ क्षेत्र की होनहार छात्रा अनमोल ठाकुर ने शानदार सफलता हासिल कर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। यह परीक्षा राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी द्वारा आयोजित की गई थी, जिसमें अनमोल ठाकुर ने रासायनिक विज्ञान (केमिकल साइंसेज़) विषय से उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए यूजीसी-जेआरएफ (जूनियर रिसर्च फेलोशिप) तथा सहायक प्रोफेसर के लिए पात्रता प्राप्त की है। अनमोल ठाकुर ने इस परीक्षा में 99 प्रतिशत अंक हासिल कर ऑल इंडिया में 47वां रैंक हासिल किया है। परीक्षा के लिए 45,348 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 32,957 उम्मीदवार परीक्षा में शामिल हुए। इतने बड़े प्रतिस्पर्धी वर्ग में देशभर में शीर्ष 50 रैंक में स्थान बनाना अनमोल की कड़ी मेहनत, निरंतर अध्ययन और विषय पर मजबूत पकड़ को दर्शाता है। अनमोल ठाकुर ने यह परीक्षा अपनी मास्टर्स डिग्री के आधार पर दी थी। यूजीसी-जेआरएफ के लिए चयनित होने के बाद अब उन्हें देश के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों और अनुसंधान संस्थानों में शोध करने का अवसर मिलेगा। जेआरएफ के माध्यम से वे उच्चस्तरीय शोध कर विज्ञान के क्षेत्र में नवाचार और नए प्रयोगों में योगदान दे सकेंगी। साथ ही, सहायक प्रोफेसर के लिए पात्र घोषित होने से उनके शैक्षणिक करियर को भी नई दिशा मिली है। अपनी सफलता पर अनमोल ठाकुर ने कहा यह उपलब्धि मेरे माता-पिता, शिक्षकों और परिवार के सहयोग के बिना संभव नहीं थी। मैंने नियमित अध्ययन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के साथ तैयारी की। मैं सभी युवाओं से कहना चाहूंगी कि लक्ष्य तय करें, धैर्य रखें और निरंतर मेहनत करते रहें, सफलता अवश्य मिलेगी।

इस उपलब्धि पर अनमोल के माता-पिता सुमन ठाकुर और हेमराज ठाकुर ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी बेटी ने बचपन से ही पढ़ाई के प्रति समर्पण दिखाया है। वही, शिक्षकों का कहना है कि अनमोल एक अनुशासित, परिश्रमी और मेधावी छात्रा रही हैं और उनकी सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा है।
क्षेत्र में अनमोल ठाकुर की इस सफलता को युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत माना जा रहा है। उनकी इस उपलब्धि से सुंदरनगर सहित पूरे क्षेत्र में गर्व और उत्साह का माहौल बना हुआ है।

About The Author

Read More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!