
डेली हिमाचल न्यूज़ – मंडी = गोहर (संजीव कुमार) : जिला मंडी के उपमंडल गोहर से एक बेहद चिंताजनक और रहस्यमयी गुमशुदगी का मामला सामने आया है। यहां 23 वर्षीय एक महिला अपनी 11 माह की मासूम बेटी और 13 वर्षीय ननद को साथ लेकर अचानक लापता हो गई है। घटना के बाद से परिवार सहित पूरे क्षेत्र में दहशत और तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। जानकारी के अनुसार 23 वर्षीय निशा कुमारी पत्नी अश्वनी कुमार, निवासी गांव कटवानी कटवाड्डी, डाकघर नाड़ी करीब शाम साढ़े बजे अपने मायके जाने की बात कहकर घर से निकली थी। उसके साथ उसकी 11 महीने की बेटी और 13 वर्षीय ननद भी मौजूद थी। लेकिन इसके बाद से तीनों का कोई भी सुराग नहीं लग पाया है। परिजनों ने अपने स्तर पर रिश्तेदारों और संभावित स्थानों पर काफी तलाश की, लेकिन कहीं से भी कोई जानकारी नहीं मिल सकी। महिला के घर से निकलने के बाद उसका मोबाइल भी बंद बताया जा रहा है, जिससे परिजनों की चिंता और बढ़ गई है। आखिरकार परिजनों ने गोहर पुलिस थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई है।
मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी मंडी दिनेश कुमार ने बताया कि महिला के लापता होने की सूचना दर्ज कर ली गई है और पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। संभावित स्थानों पर छानबीन की जा रही है तथा तकनीकी सहायता से भी सुराग जुटाने का प्रयास जारी है।

उल्लेखनीय है कि गोहर थाना क्षेत्र में पिछले कुछ समय से महिलाओं के लापता होने के कई मामले सामने आए हैं, जिससे स्थानीय लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ी है। ऐसे में इस घटना ने एक बार फिर क्षेत्र में चिंता को गहरा कर दिया है। सबसे गंभीर बात यह है कि महिला अपनी छोटी बच्ची और नाबालिग ननद के साथ अचानक गायब हो गई है। अब सभी की निगाहें पुलिस जांच पर टिकी हैं कि आखिर इस रहस्यमयी गुमशुदगी के पीछे की सच्चाई क्या सामने आती है।
Author: Daily Himachal News
About The Author









