
डेली हिमाचल न्यूज़ – मंडी – पंडोह (विशाल वर्मा) : हिमाचल प्रदेश पुलिस विभाग में लंबे समय तक निष्ठा और समर्पण के साथ सेवाएं देने वाले चार अनुभवी पुलिस अधिकारी सम्मानपूर्वक सेवानिवृत्त हो गए। तीसरी आईआरबीएन पंडोह (IRBN) से सेवानिवृत्त हुए इन अधिकारियों ने अपने कार्यकाल के दौरान विभिन्न जिलों और यूनिट्स में उत्कृष्ट सेवाएं देकर विभाग को मजबूत आधार प्रदान किया। सेवानिवृत्ति के अवसर पर आयोजित समारोह में तीसरी आईआरबीएन पंडोह के उप-पुलिस अधीक्षक सोमदत्त ने सभी अधिकारियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि इन अधिकारियों ने लगभग 38 वर्षों तक हिमाचल प्रदेश पुलिस को अपनी सेवाएं देकर एक मिसाल कायम की है, जिसे हमेशा याद रखा जाएगा। मीडिया से बातचीत में उन्होंने प्रदेश में बढ़ते नशे के खतरे पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि युवाओं को पढ़ाई के साथ-साथ खेल गतिविधियों में भाग लेना चाहिए, ताकि वे नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रह सकें। सरकार और पुलिस विभाग इस दिशा में लगातार प्रयासरत हैं।
सेवानिवृत्त अधिकारियों का सेवाकाल और योगदान :

सब-इंस्पेक्टर लीलाधर ठाकुर –
सब-इंस्पेक्टर लीलाधर ठाकुर ने 8 मार्च 1988 को पुलिस सेवा में प्रवेश किया था। मंडी जिला की डोलधार पंचायत से संबंध रखने वाले लीला धर ने मंडी, लाहौल-स्पीति, कांगड़ा, बिलासपुर, स्टेट सीआईडी और तीसरी आईआरबीएन पंडोह में अपनी सेवाएं दीं। उन्होंने कुल 38 वर्ष 23 दिन की सेवा पूरी की और इस दौरान उन्हें 18 प्रशंसा प्रमाण पत्र प्राप्त हुए।
सब-इंस्पेक्टर लछमन दास –
लछमन दास ने 1 नवंबर 1988 को पुलिस विभाग ज्वाइन किया। उन्होंने धर्मशाला, जूंगा, बिलासपुर और पंडोह में तैनाती के दौरान उत्कृष्ट कार्य किया। उन्होंने 37 वर्ष 4 माह 30 दिन की सेवा दी और उन्हें भी 18 प्रशंसा प्रमाण पत्र से सम्मानित किया गया।
हेड कांस्टेबल इंदर सिंह –
इंदर सिंह ने 1 अगस्त 1988 को अपनी सेवाएं शुरू कीं। उन्होंने जूंगा, कुल्लू, शिमला, कोलार और पंडोह सहित कई स्थानों पर कार्य किया। उन्होंने कुल 37 वर्ष 7 माह 29 दिन की सेवा दी और उन्हें 5 प्रशंसा प्रमाण पत्र प्राप्त हुए।
हेड कांस्टेबल अजीत सिंह –
अजीत सिंह ने 20 मार्च 1988 को पुलिस विभाग में प्रवेश किया। कांगड़ा जिला के निवासी अजीत सिंह ने जूंगा, सकोह, सोलन, नूरपुर और पंडोह में अपनी सेवाएं दीं। उन्होंने 37 वर्ष 11 दिन का सेवाकाल पूरा किया और उन्हें 14 प्रशंसा प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
Author: Daily Himachal News
About The Author









