क्रिकेट खेल बना जा*नलेवा : मंडी के निहरी में विवाद के बाद 14 वर्षीय किशोर की मौ*त

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

डेली हिमाचल न्यूज़ – मंडी : मंडी जिला के निहरी पुलिस चौकी क्षेत्र में क्रिकेट खेल के दौरान शुरू हुआ एक मामूली विवाद बेहद दर्दनाक हादसे में बदल गया। इस घटना में गंभीर रूप से घायल 14 वर्षीय किशोर ने उपचार के दौरान आईजीएमसी अस्पताल शिमला में दम तोड़ दिया। घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। यह घटना 1 अप्रैल 2026 को निहरी तहसील के दोघरी (धरोग) गांव में हुई। खास बात यह है कि विवाद में शामिल दोनों नाबालिग एक ही गांव के रहने वाले थे, जिससे पूरे इलाके में शोक और चिंता का माहौल है।

जानकारी के अनुसार गांव के कुछ बच्चे मैदान में क्रिकेट खेल रहे थे। खेल के दौरान बॉलिंग और विकेटकीपिंग को लेकर बच्चों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते झगड़े में बदल गई।
इसी दौरान एक नाबालिग आरोपी ने गुस्से में आकर पास पड़े लकड़ी के बैट से दूसरे किशोर के सिर पर जोरदार वार कर दिया। वार इतना गंभीर था कि पीड़ित किशोर मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा। घटना के बाद वहां मौजूद बच्चों और स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई। परिजन और ग्रामीण तुरंत घायल किशोर को नागरिक अस्पताल सुन्नी लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने उसकी हालत नाजुक देखते हुए उसे तुरंत IGMC शिमला रेफर कर दिया। जहां कई दिनों तक इलाज चलने के बाद आखिरकार उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद पुलिस ने घायल किशोर के भाई के बयान के आधार पर 2 अप्रैल 2026 को मामला दर्ज किया था। प्रारंभिक तौर पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 126(2), 115(2) और 352 के तहत केस दर्ज किया गया था। पुलिस ने जांच के दौरान घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। हमले में इस्तेमाल किया गया लकड़ी का बैट भी बरामद कर लिया गया है। वहीं, किशोर की मौत के बाद अब मामले में BNS की धारा 103 भी जोड़ दी गई है। मौत की सूचना मिलते ही पुलिस टीम शिमला पहुंची और शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया।

वही, इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि छोटी-छोटी बातों पर बढ़ती हिंसा किस तरह मासूम जिंदगियों को निगल रही है।

एसपी मंडी विनोद कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

About The Author

Read More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!