बड़े नेताओं पर टिप्पणी से नहीं, काम से बनती है पहचान, राकेश जंवाल का विक्रमादित्य पर बड़ा जुबानी हमला

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

डेली हिमाचल न्यूज़ – मंडी : भारतीय जनता पार्टी के मुख्य प्रवक्ता एव सुंदरनगर विधायक राकेश जंवाल ने प्रदेश की सुक्खू सरकार और उसके मंत्रियों पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि सरकार अब अपने कार्यकाल के साढ़े तीन साल पूरे होने के बाद जनता के बीच जाकर केवल दिखावटी कार्यक्रम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता के द्वार जैसे कार्यक्रम केवल राजनीतिक नुकसान की भरपाई और जनाक्रोश को शांत करने की कोशिश भर हैं। जंवाल ने निहरी में लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह के कार्यक्रम का हवाला देते हुए कहा कि यह सरकार जनता की समस्याओं का वास्तविक समाधान करने में विफल रही है। उन्होंने कहा कि जिस सरकार में खुद कैबिनेट मंत्रियों की फाइलें महीनों तक लंबित रहती हैं, वह आम जनता को कैसे राहत दे सकती है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के ही वरिष्ठ नेता इस बात को स्वीकार कर चुके हैं कि विभागों में कामकाज ठप है और निर्णय लेने की प्रक्रिया बेहद धीमी हो गई है। उन्होंने प्रदेश की आर्थिक स्थिति पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि हिमाचल आज आर्थिक संकट और अव्यवस्था से जूझ रहा है, जबकि मुख्यमंत्री लगातार संसाधनों की कमी का हवाला देकर अपनी जिम्मेदारियों से बचने की कोशिश कर रहे हैं। जमवाल ने कहा कि चुनावों के दौरान किए गए वादे, जैसे 125 यूनिट मुफ्त बिजली, महिलाओं को 1500 रुपये की सहायता और सहारा योजना के लाभ, अब धरातल पर नजर नहीं आ रहे हैं। हिमकेयर योजना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि यह योजना पूर्व भाजपा सरकार की एक बड़ी उपलब्धि थी, जिससे गरीबों को इलाज के लिए आर्थिक सुरक्षा मिली थी, लेकिन वर्तमान सरकार ने इसे शर्तों में उलझाकर कमजोर कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनहितकारी योजनाओं को बंद कर या कमजोर कर केवल राजनीतिक प्रचार में लगी हुई है।


जंवाल ने विक्रमादित्य सिंह के हालिया बयानों पर पलटवार करते हुए कहा कि बड़े नेताओं पर टिप्पणी करके कोई नेता बड़ा नहीं बनता। उन्होंने कहा कि अगर मंत्री अपनी पहचान बनाना चाहते हैं तो उन्हें अपने विभाग का हिसाब देना चाहिए, प्रदेश में सड़कों की स्थिति क्या है, कितने प्रोजेक्ट समय पर पूरे हुए और कितनी घोषणाएं केवल कागजों तक सीमित रह गईं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री जैसे वरिष्ठ नेताओं पर टिप्पणी करना कांग्रेस नेताओं की हताशा को दर्शाता है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि हिमाचल की जागरूक जनता अब सब समझ चुकी है और आने वाले समय में इस दिखावे की राजनीति का जवाब जरूर देगी।

About The Author

Read More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!