
डेली हिमाचल न्यूज़ – सुंदरनगर : जिला परिषद डैहर वार्ड-19 के चुनावी रण में गुरुवार को उस समय नया मोड़ आ गया, जब छात्र राजनीति के चर्चित चेहरे और संघर्षशील युवा नेता करमचंद (के.सी) ने बतौर निर्दलीय प्रत्याशी अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए क्षेत्र की बदहाल व्यवस्थाओं, मूलभूत सुविधाओं की कमी और बढ़ते नशे के कारोबार को लेकर तीखे सवाल उठाए। उनके चुनाव मैदान में उतरने से डैहर वार्ड का चुनाव अब और भी रोचक तथा चर्चाओं का केंद्र बन गया है। के.सी ने कहा की आजादी के करीब 80 वर्ष बीत जाने के बावजूद डैहर वार्ड के कई क्षेत्रों में लोग आज भी सड़क, पानी और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांगू, डैहर और आसपास की पंचायतों में पेयजल संकट लगातार गहराता जा रहा है। लोगों को कई-कई दिनों बाद गंदा और मटमैला पानी पीने को मजबूर होना पड़ रहा है, लेकिन जिम्मेदार विभाग और जनप्रतिनिधि समस्या के समाधान की बजाय केवल आश्वासन देने तक सीमित हैं। उन्होंने क्षेत्र की जर्जर सड़कों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि कई गांवों में आज भी संपर्क मार्ग और एम्बुलेंस रोड नहीं पहुंच पाए हैं। गंभीर स्थिति में मरीजों और गर्भवती महिलाओं को खाट या निजी वाहनों के सहारे अस्पताल पहुंचाना पड़ता है। के.सी. ने कहा कि विकास के बड़े-बड़े दावे करने वाले नेताओं को पहले गांवों की वास्तविक स्थिति देखनी चाहिए।
चुनावी माहौल के बीच के.सी. ने क्षेत्र में बढ़ते नशे के कारोबार पर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने बिना किसी का नाम लिए आरोप लगाया कि कुछ लोग चुनाव जीतने के लिए शराब और ‘चिट्टा’ जैसे नशे को बढ़ावा दे रहे हैं। उन्होंने क्षेत्र में पहले हुई जहरीली शराब त्रासदी का जिक्र करते हुए कहा कि जो लोग वोट के लिए युवाओं को नशे की ओर धकेल रहे हैं, वे समाज और आने वाली पीढ़ियों के सबसे बड़े दुश्मन हैं।
के.सी. ने कहा कि यदि जनता उन्हें अवसर देती है तो वे डैहर वार्ड को “नशा मुक्त क्षेत्र” बनाने के लिए पूरी ताकत से काम करेंगे। उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि वे नशे के खिलाफ एकजुट होकर समाज को बचाने की मुहिम में साथ आएं।

बता दें कि के.सी. की पहचान लंबे समय से छात्र हितों के लिए संघर्ष करने वाले नेता के रूप में रही है। एमएलएसएम कॉलेज सुंदरनगर में छात्र समस्याओं को लेकर किए गए आंदोलनों और संघर्षों के कारण वे युवाओं के बीच एक मजबूत पहचान रखते हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने राजनीति को कभी निजी लाभ या धन कमाने का माध्यम नहीं माना, बल्कि जनता की आवाज उठाने का मंच समझा है।
उन्होंने कहा, “जनता अच्छी तरह जानती है कि कौन केवल सत्ता और पैसा हासिल करने के लिए चुनाव लड़ रहा है और कौन वास्तव में लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए मैदान में उतरा है। यह चुनाव केवल जिला परिषद की सीट का नहीं, बल्कि डैहर के सम्मान, विकास और भविष्य का चुनाव है। के.सी. ने डैहर वार्ड की जनता से समर्थन और आशीर्वाद की अपील करते हुए विश्वास दिलाया कि यदि उन्हें जनता का साथ मिला तो वे क्षेत्र की हर समस्या के समाधान के लिए दिन-रात मेहनत करेंगे और विकास को धरातल पर उतारने का काम करेंगे।
Author: Daily Himachal News
About The Author










