
डेली हिमाचल न्यूज़ – सुंदरनगर : मंडी जिला के सुंदरनगर क्षेत्र में पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस थाना सुंदरनगर की टीम ने 310 ग्राम चरस के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार को पुलिस थाना सुंदरनगर की टीम भवाणा टनल नंबर 5 फोरलेन पर नाकाबंदी कर वाहनों की नियमित जांच कर रही थी। इसी दौरान एक एचआरटीसी (HRTC) बस को चेकिंग के लिए रोका गया। बस में सवार यात्रियों की जांच के दौरान पुलिस को एक युवक की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। शक के आधार पर जब पुलिस ने युवक की तलाशी ली तो उसके कब्जे से 310 ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए युवक को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान 24 वर्षीय तजेंद्र कुमार पुत्र किशोरी लाल, निवासी गांव चिमटी, डाकघर लंबाथाच, तहसील थुनाग, जिला मंडी, हिमाचल प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और यह जांच की जा रही है कि वह यह नशे की खेप कहां से लाया था और इसे कहां पहुंचाने की योजना थी। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस मामले में कोई अन्य व्यक्ति या गिरोह तो शामिल नहीं है।
मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण ने बताया कि पुलिस ने आरोपी को चरस सहित गिरफ्तार कर लिया है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह की गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Author: Daily Himachal News
About The Author










