सुंदरनगर में 70 के दशक का पुराना सरकारी भवन चढ़ा आग की भेंट, लाखों की संपत्ति राख

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

डेली हिमाचल न्यूज़ – मंडी : जिला मंडी के विकासखंड कार्यालय सुंदरनगर के समीप स्थित 70 के दशक का एक पुराना 10 कमरों वाला भवन रविवार देर शाम भीषण आग की चपेट में आकर पूरी तरह जलकर राख हो गया। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरे भवन को अपनी चपेट में ले लिया। घटना में लाखों रुपये की संपत्ति के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।

गनीमत यह रही कि आग लगने के समय भवन के भीतर कोई भी व्यक्ति मौजूद नहीं था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। स्थानीय लोगों के अनुसार कुछ समय पहले तक इस भवन में एक चतुर्थ श्रेणी महिला कर्मचारी निवास करती थी, लेकिन वह हाल ही में यह भवन छोड़ चुकी थी। यदि उस समय भवन में कोई रह रहा होता तो जनहानि की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता था। आग लगने की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। फायर कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग की लपटें आसपास के अन्य भवनों तक न पहुंचें, इसके लिए भी विशेष प्रयास किए गए। समय रहते की गई कार्रवाई के चलते आसपास स्थित इमारतों और सरकारी संपत्ति को नुकसान होने से बचा लिया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगने के बाद भवन से ऊंची-ऊंची लपटें और धुएं का गुबार उठता दिखाई दिया, जिससे क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोग भी बड़ी संख्या में घटनास्थल पर एकत्र हो गए और राहत एवं बचाव कार्यों में सहयोग करते रहे।

उपमंडल अधिकारी सुंदरनगर अमर नेगी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि अग्निशमन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर सफलतापूर्वक आग पर काबू पा लिया है। उन्होंने कहा कि आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है और नुकसान का आकलन करने के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं।
फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। प्रशासन और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हुए हैं। प्रारंभिक तौर पर आग से भवन को भारी नुकसान पहुंचा है, जबकि समय रहते आग पर नियंत्रण पा लेने से आसपास के अन्य भवनों को सुरक्षित बचा लिया गया।

About The Author

Read More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!