
डेली हिमाचल न्यूज़ – नाहन/कालाअम्ब : लघु उद्योग भारती की कालाअम्ब इकाई द्वारा संगठन के राष्ट्रीय एवं प्रदेश पदाधिकारियों का भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर अखिल भारतीय संगठन मंत्री प्रकाश, उत्तर क्षेत्र प्रभारी अरविंद धुम्मल, प्रदेश अध्यक्ष अखिल मोहन, प्रदेश महामंत्री अश्वनी गर्ग तथा राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य विक्रम बिंदल के कालाअम्ब आगमन पर स्थानीय उद्योगपतियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। वरिष्ठ पदाधिकारियों का मुख्य कार्यक्रम पांवटा साहिब में नई इकाई के गठन को लेकर निर्धारित था, लेकिन कालाअम्ब इकाई के आग्रह पर उन्होंने अपने व्यस्त कार्यक्रम के बीच समय निकालकर औद्योगिक क्षेत्र का दौरा किया तथा स्थानीय उद्यमियों से संवाद स्थापित किया। इस दौरान विभिन्न औद्योगिक विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में कालाअम्ब औद्योगिक क्षेत्र से जुड़े प्रमुख मुद्दों, उद्योगों के समक्ष आ रही चुनौतियों, औद्योगिक विकास की संभावनाओं तथा प्रदेश में उद्योग-अनुकूल वातावरण के निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श हुआ। उद्यमियों ने भी अपनी समस्याएं एवं सुझाव संगठन के वरिष्ठ नेतृत्व के समक्ष रखे।
राष्ट्रीय एवं प्रदेश पदाधिकारियों ने कहा कि लघु उद्योग भारती देशभर में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों (एमएसएमई) के हितों की रक्षा, औद्योगिक विकास तथा रोजगार सृजन के लिए निरंतर कार्य कर रही है। संगठन उद्योग जगत और शासन-प्रशासन के बीच एक मजबूत सेतु के रूप में कार्य करते हुए उद्यमियों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।

प्रदेश अध्यक्ष अखिल मोहन ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में औद्योगिक विकास को गति देने और उद्यमियों की समस्याओं के समाधान के लिए लघु उद्योग भारती लगातार प्रयासरत है। संगठन उद्योगों के लिए सकारात्मक माहौल तैयार करने और रोजगार के नए अवसर सृजित करने की दिशा में सक्रिय भूमिका निभा रहा है।
कालाअम्ब इकाई के अध्यक्ष अखिल महेश्वरी ने सभी अतिथियों का स्वागत एवं आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राष्ट्रीय और प्रदेश नेतृत्व के मार्गदर्शन से स्थानीय उद्योगों को नई दिशा और ऊर्जा मिलेगी। उन्होंने कहा कि ऐसे संवाद कार्यक्रम संगठन को और अधिक मजबूत बनाते हैं तथा उद्योगों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने का अवसर प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम में संयुक्त सचिव राकेश अग्रवाल, अजय गर्ग एवं अमन डुग्गल, वित्तीय सलाहकार नवरत्न देव, उपाध्यक्ष राजीव तिवारी एवं एस.के. भार्गव, कोषाध्यक्ष के.सी. पारीक सहित राहुल अरोड़ा, दिलीप कुमार, राहुल कोहली, संजीव शर्मा, आयुष साबू, राघव लोहिया, संदीप गर्ग, विक्रम चिकारा, देवेंद्र सिंह, अंकुश क्लारे, राशु गुप्ता, विवेक कौशल, ईशमोहन सिंह तथा क्षेत्र के अनेक उद्योगपति उपस्थित रहे।
Author: Daily Himachal News
About The Author










