हिमाचल में मानसून बना आफत : औट में पहाड़ी से गिरे पत्थर की चपेट में आने से महिला की मौ*त, बच्चा सुरक्षित

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

डेली हिमाचल न्यूज़ – मंडी : हिमाचल प्रदेश में मानसून की दस्तक के साथ ही बारिश ने अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। लगातार हो रही वर्षा के कारण प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में भूस्खलन, पहाड़ियों से पत्थर गिरने और सड़कें बाधित होने की घटनाएं सामने आ रही हैं। इसी बीच मंडी जिला के औट क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां पहाड़ी से गिरे पत्थर की चपेट में आने से नालागढ़ निवासी 38 वर्षीय सुखवीर कौर की मौके पर ही मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, सुखवीर कौर अपने परिवार के साथ कार से यात्रा कर रही थीं। जब उनका वाहन औट क्षेत्र के शनि मंदिर के समीप पहुंचा, तभी उनके बच्चे की अचानक तबीयत बिगड़ गई। बच्चे को उल्टी आने पर वह उसे संभालने के लिए कार से नीचे उतरीं। इसी दौरान लगातार बारिश के कारण कमजोर हुई पहाड़ी से अचानक एक पत्थर नीचे आ गिरा, जिसकी चपेट में वह आ गईं।
पत्थर लगने से सुखवीर कौर गंभीर रूप से घायल हो गईं और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। इस हृदयविदारक हादसे में राहत की बात यह रही कि जिस बच्चे को संभालने के लिए वह कार से उतरी थीं, वह पूरी तरह सुरक्षित बच गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और प्रशासन को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

उधर, मंडी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) अभिमन्यु वर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि मानसून के दौरान पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करते समय विशेष सावधानी बरतें और भूस्खलन संभावित स्थानों पर अनावश्यक रूप से वाहन न रोकें।

इधर, प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते कई स्थानों पर भूस्खलन की घटनाएं सामने आ रही हैं। वहीं, ब्यास नदी का जलस्तर भी लगातार बढ़ रहा है। प्रशासन ने नदी और नालों के किनारे जाने से बचने तथा निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। मौसम विभाग ने भी आगामी दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। ऐसे में प्रशासन ने लोगों से मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।

About The Author

Read More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!